Uttrakhand: दीवार तोड़ घर में घुसा जंगली हाथी, परिवार ने छत पर चढ़कर बचाई जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। रामनगर के कंचनपुर छोई क्षेत्र में बीती रात एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने बॉक्सिंग के राष्ट्रीय कोच देवेंद्र भट्ट के घर की चारदीवारी तोड़ दी और आंगन में घुस आया, जिससे परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

घटना रात करीब दो बजे की है, जब परिवार के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक दीवार गिरने की तेज आवाज से उनकी नींद खुली। परिवार ने हाथी को भगाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साया हाथी सीधे आंगन में घुस आया। हालात बिगड़ते देख परिवार के लोग किसी तरह छत पर चढ़ गए और अपनी जान बचाई। करीब आधे घंटे तक हाथी घर के आंगन में घूमता रहा। बाद में पड़ोसियों के शोर मचाने पर वह मकान के सामने की दीवार तोड़कर हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग की ओर चला गया। 

इसके बाद वह नवीन पांडे के खेत में पहुंचा और वहां गेहूं की फसल को भी रौंद डाला। रविवार को वन विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकान और दीवार का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने वन विभाग से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग करते हुए बताया कि उन्हें रोज रात जागकर हाथियों से अपनी जान और फसलों की सुरक्षा करनी पड़ रही है। विभाग ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान हेम जोशी, धीरेंद्र नेगी, संजू रावत, हरिहर बिष्ट, उदय भट्ट और राजेंद्र भट्ट सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

संबंधित समाचार