UP:रामपुर से बहन के घर आए किशोर की रामगंगा में डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

ढकिया, अमृत विचार। कस्बा ढकिया निवासी एक सोलह वर्षीय बालक बरेली जिले के मीरगंज क्षेत्र में बहन के घर गया था। शुक्रवार को रामगंगा में नहाते समय वह डूब गया। चौबीस घंटे बाद भी किशोर का शव रामगंगा में नहीं मिल सका था। एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम लगातार शव निकालने के लिए रामगंगा में जुटी हुई है। बेटे के रामगंगा में डूब जाने के बाद परिजनों का घर में रो रोकर बुरा हाल है।

ढकिया निवासी ओमवीर का 16 साल का बेटा अर्जुन 27 मार्च शुक्रवार को बरेली जिले के थाना मीरगंज क्षेत्र के मनकरा गांव में अपनी बहन संगीता के घर गया था। लोगों ने बताया कि शनिवार को वह मनकरा गांव के लोगों के साथ बरेली जनपद के ही सिरौली थाना क्षेत्र के कैलाश गिरि घाट पर भंडारा खाने गया था। भंडारा खाने से पूर्व अर्जुन मनकरा गांव के ही अपने साथी अनमोल और कपिल नामक किशोरों के साथ रामगंगा में नहाने चला गया। रामगंगा में नहाते समय तीनों किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। 

इस दौरान रामगंगा घाट के पास मौजूद लोग तत्काल तीनों किशोरों को निकालने के लिए रामगंगा नदी में कूद पड़े। लेकिन मनकरा निवासी अनमोल और कपिल को तो उन्होंने बाहर निकाल लिया। जबकि ढकिया निवासी ओमवीर का बेटा अर्जुन पानी में लापता हो गया। तीन किशोरों के रामगंगा में डूबने की सूचना मिलते ही सिरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर अर्जुन के लिए तलाशी अभियान शुरू कराया। 

लेकिन शनिवार देर रात तक कोई सफलता नहीं मिल सकी। जिसके बाद शव की तलाश में रविवार सुबह ही एनडीआरएफ की टीम भी रामगंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाने के लिए पहुंच गई। लेकिन रविवार शाम तक भी अर्जुन का कोई पता नहीं लग सका था। जिसके कारण ढकिया गांव में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

डेढ़ माह का था अर्जुन, तभी मां की हो गई थी मौत
अर्जुन की मां सुषमा बेटे को डेढ़ माह का छोड़कर ही मां दुनिया से चली गई थी। ओमवीर की दो संतानों में बड़ी बेटी संगीता और छोटा सोलह वर्षीय बेटा अर्जुन था। दोनों बच्चों को ओमवीर ने मेहनत मजदूरी करके कड़ी मशक्कत के बाद पाला था। बेटे की मौत होने से उस पर दुखों का पहाड़ टूट गया है।

संबंधित समाचार