Grindr Dating App : ग्राइंडर डेटिंग ऐप के जरिए लूट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाकर लूटपाट और धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित गैंग का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीस हजार नकद, चार मोबाइल फोन, एक बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार, पीली धातु की एक चेन और दो फर्जी कार नंबर प्लेट बरामद की हैं।

पुलिस द्वारा सोमवार को गैंग का खुलासा कर जानकारी दी गई, उन्होंने बताया कि,आरोपी ग्राइंडर (गे डेटिंग ऐप) के जरिए पहले लोगों से संपर्क स्थापित करते थे और उनसे दोस्ती बढ़ाते थे। इसके बाद किसी सुनसान या तय स्थान पर मिलने के लिए बुलाते थे।

मुलाकात के दौरान आरोपी पीड़ित को अपनी बलेनो कार में बैठाकर उसे डराते-धमकाते थे और फिर जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कराकर पैसे अपने खातों में ट्रांसफर करा लेते थे। कई मामलों में पीड़ितों के साथ लूटपाट भी की जाती थी। सोमवार को नोएडा सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए नोएडा सेक्टर-76 से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह गैंग लंबे समय से सक्रिय था और कई वारदातों को अंजाम दे चुका था।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम झा (20 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार, सागर ठाकुर (18 वर्ष) निवासी दरभंगा, बिहार (वर्तमान पता: होशियारपुर, सेक्टर-51 नोएडा) कमल (26 वर्ष) निवासी अल्मोड़ा, उत्तराखंड (वर्तमान पता: होशियारपुर, सेक्टर-51 नोएडा) है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से ही लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें सेक्टर-113, थाना सेक्टर-63 थाना और सेक्टर-49 थाना में दर्ज कई लूट के मामले शामिल हैं। इस मामले में थाना सेक्टर 113 थाना में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

संबंधित समाचार