लखनऊ : नशे में धुत युवक ने सोते समय भाई की कर दी भाई ने हत्या

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : बंथरा के खांडेदेव गांव में रविवार रात नशे में धुत भाई ने सोते समय राड से हमला कर छोटे भाई की हत्या कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी को घर से ही दबोच लिया। पुलिस ने मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

खांडेदेव गांव निवासी मजदूर आलोक गौतम उर्फ गोलू गौतम (24) रविवार रात बड़े भाई श्रवण कुमार के साथ खाना खा रहा था। इसी दौरान दोनों में कहासुनी के बाद गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। मां यशोदा देवी ने दोनों को समझाकर शांत करा दिया। रात करीब 11 बजे श्रवण पीछे के रास्ते छोटे भाई के कमरे में पहुंचा। उसने सोते समय राड से आलोक के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। इससे आलोक की मौत हो गई। देर रात मां की आंख खुली। वह खाने के लिए आलोक को जगाने उसके कमरे में पहुंची, वहां खून से लथपथ उसकी लाश पड़ी थी। सुबह 5 बजे फोन कर यशोदा ने परिजन, रिश्तेदारों को जानकारी दी। उसके रोने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंच गए।

ग्रामीणों ने सूचना पर बंथरा के इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह, एसीपी कृष्णानगर रजनीश वर्मा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को घर के अंदर से पकड़ लिया। उससे देर शाम तक पूछताछ कर रही थी। श्रवण ने पुलिस को बताया कि कहासुनी के दौरान छोटे भाई ने उसके साथ मारपीट कर मां की गाली दी थी। इस कारण ही भाई पर राड से हमला कर दिया।

हत्या करने के बाद श्रवण अपने कमरे में जाकर सो गया था। पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने बताया कि निपुण अग्रवाल हत्यारोपी श्रवण कुमार को हिरासत में ले लिया गया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की राड भी बरामद कर ली गई है। दोनों नशे में थे। उनके बीच पहले विवाद और मारपीट हुई थी। पूछताछ की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मां की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की गई। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया है। जहां से जेल भेज दिया गया है।

आठ वर्ष पहले पिता की हुई मौत
मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़ा भाई श्रवण, मंझला भाई अटल और फिर आलोक उर्फ गोलू था। अटल मानसिक रूप से अस्वस्थ है। उनके पिता पुत्तीलाल की आठ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। पुत्तीलाल की दो बेटियों की शादी हो चुकी है। पुलिस के मुताबिक श्रवण का पहले भी अपने भाई और मां से कई बार विवाद हुआ था। अन्य बिंदुओं पर भी मामले की जांच की जा रही है।

कब कब हुए रिश्तों के कत्ल :
-12 जनवरी 2024, चिनहट: जमीन विवाद में बेटे ने पिता की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी।
-5 अगस्त 2023, माल: शराब के नशे में भाई ने भाई की लाठी से पीटकर हत्या कर दी थी।
-18 नवंबर 2022, काकोरी: संपत्ति विवाद में चचेरे भाइयों के बीच हुई मारपीट में एक की जान चली गई थी।
-27 मार्च 2021, मोहनलालगंज: घरेलू कलह में पति ने पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी थी।

संबंधित समाचार