हरदोई : रिहाई के बाद सपा नेता का शक्ति प्रदर्शन, 50 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई। हरदोई जिले में समाजवादी पार्टी के नेता यदुनंदन लाल वर्मा की जेल से रिहाई के बाद हुए शक्ति प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सपा नेता सहित भीम आर्मी के पदाधिकारियों समेत करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हिंदू देवी-देवताओं पर अभद्र टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किए गए सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा को सोमवार को न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जिला कारागार से रिहा किया गया। रिहाई के बाद उनके समर्थकों और भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत जुलूस निकालकर किया, जो बाद में शक्ति प्रदर्शन में बदल गया। 

समर्थकों द्वारा नारेबाजी करते हुए थाना कोतवाली शहर क्षेत्र स्थित अंबेडकर पार्क के पास सड़क जाम कर दी गई और माल्यार्पण व भाषणबाजी की गई। इस दौरान "जेल के ताले टूट गए" जैसे नारे लगाए गए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आया।

क्षेत्राधिकारी नगर अंकित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। इस संबंध में थाना कोतवाली शहर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने भीम आर्मी के मीडिया प्रभारी रितेश पासी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने सपा नेता यदुनंदन लाल वर्मा, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष करण पासी सहित पांच नामजद और लगभग 50 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। 

संबंधित समाचार