लखनऊ का मौसम हुआ खुशनुमा: ठंडी हवाओं के साथ बारिश से हुई राहत की बौछार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने अचानक करवट ली। मंगलवार की रात तेज हवा के साथ बूंदाबांदी शुरू हुई। सुबह को झमाझम बारिश ने मौसम खुशनुमा कर दिया। शहर के कई हिस्सों में रुक-रुककर बरसात होती रही। मार्च के आखिर में जो तापमान लगातार चढ़ता जा रहा था-अप्रैल की भोर में बारिश ने तपिश रोक दी। राजधानी के तापमान में कम से कम 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। 

बुधवार की सुबह को लखनऊ का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। हवा के ठंडे झोंकों के साथ आम लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम का बदला मिजाज अगले 24 से 48 घंटे तक बरकरार रह सकता है। लखनऊ और आसपास के इलाकों में तेजी के साथ बादल गरज सकते हैं। हल्की बारिश की संभावना भी बनी है।

मंगलवार की शाम ढलते ही मौसम का रुख बदलने लगा था। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बादल छा गए और हवाएं तेज हो गईं। पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में मौसम काफी बिगड़ने की संभावना बनी है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी है। हालांकि बिन मौसम इस बदलाव से किसानों की सांसें थम जाती हैं। पश्चिमी यूपी में पहले ही बरसात से कुछ हिस्सों में गेहूं की फसल को बड़ा नुकसान पहुंच चुका है। तेज हवाओं के साथ अगर बारिश होती है तो गेहूं की तैयार फसल के लिए काफी घातक साबित होगी।

संबंधित समाचार