विकसित उत्तर प्रदेश @2047: 98 लाख सुझावों पर बनेगी 6 ट्रिलियन डॉलर की रणनीति, सीएम योगी ने दी कार्ययोजना

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत वितार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ की कार्ययोजना को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इसे ठोस फ्रेमवर्क के साथ जमीन पर उतारा जाए। मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यह केवल एक विजन डॉक्यूमेंट नहीं, बल्कि प्रदेश के आर्थिक, सामाजिक और संरचनात्मक परिवर्तन का रोडमैप है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस विजन के लिए प्रदेशभर से 98 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिन्हें विशेषज्ञों और हितधारकों के विचारों के साथ समाहित कर शीघ्र ही सेक्टरवार विस्तृत कार्ययोजना जारी की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिया कि इसे अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक लक्ष्यों में विभाजित करते हुए 2030, 2036 और 2047 के स्पष्ट लक्ष्य तय किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी स्पष्ट जिम्मेदारी तय करें और त्रैमासिक व वार्षिक लक्ष्यों के आधार पर कार्य करें। साथ ही विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर परिणामोन्मुख कार्ययोजना बनाई जाए, ताकि विकास की गति तेज हो और उसका प्रभाव जमीनी स्तर पर दिखे।

मुख्यमंत्री ने जिला स्तर पर ‘जिला विजन 2047’ तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं को स्थानीय संसाधनों और आवश्यकताओं के अनुरूप लागू किया जाए। प्रमुख परियोजनाओं की पाइपलाइन तैयार कर उनकी नियमित निगरानी के लिए रीयल-टाइम डैशबोर्ड विकसित करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश का ढांचा ‘अर्थशक्ति, जनशक्ति और जीवनशक्ति’ के तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित होगा। इसके तहत कृषि, उद्योग, सेवा क्षेत्र, बुनियादी ढांचा और सुशासन को एकीकृत रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि प्रदेश ने 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है, जबकि 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर और 2036 तक 2 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए करीब 16 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर की आवश्यकता होगी। वर्तमान में प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग 356 बिलियन डॉलर के स्तर पर है। कृषि क्षेत्र के लिए स्मार्ट खेती, वैल्यू चेन मॉडल और निर्यातोन्मुख उत्पादन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। सेवा क्षेत्र में आईटी, आईटीईएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और पर्यटन को विकास का प्रमुख इंजन बताया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क के जरिए कनेक्टिविटी को और मजबूत कर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने अंत में कहा कि ‘विकसित उत्तर प्रदेश @2047’ एक व्यापक परिवर्तन का अभियान है, जिसमें आर्थिक विकास के साथ सामाजिक न्याय और जीवन की गुणवत्ता में सुधार को समान महत्व दिया जाएगा।

विकसित यूपी@2047 की प्रमुख बातें

▪ 98 लाख से अधिक सुझावों पर आधारित विजन
▪ 2047 तक 6 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था का लक्ष्य
▪ 2030 और 2036 के मध्यवर्ती लक्ष्य निर्धारित
▪ सेक्टरवार और समयबद्ध कार्ययोजना पर जोर
▪ जिला स्तर तक ‘जिला विजन 2047’ लागू होगा
▪ रीयल-टाइम मॉनिटरिंग और डेटा आधारित निर्णय
▪ कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र में संतुलित विकास रणनीति

संबंधित समाचार