Bareilly: पंचायतों में डिजिटल अपग्रेड...25 लाख का बजट जारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पंचायत व्यवस्था को डिजिटल रूप से मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पंचायती राज विभाग ने जिला पंचायत को कम्प्यूटर हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर की खरीद के लिए कुल 25 लाख की धनराशि आवंटित की है।

जिला पंचायत राज अधिकारी कमल किशोर ने बताया कि यह बजट जिला पंचायतों में डिजिटल संसाधनों को बेहतर बनाने, प्रशासनिक कार्यों को तेज और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से दिया गया है। सरकार ने इसके खर्च को लेकर बेहद सख्त शर्तें भी तय की हैं। धनराशि को सीधे पीएलए या डिपॉजिट खाते में जमा नहीं किया जाएगा। केवल आवश्यकता के अनुसार ही कोषागार से निकाली जाएगी और एकमुश्त आहरण पर रोक लगाई गई है। 

आदेश में यह भी साफ किया गया है कि बिना सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के कोई भी व्यय नहीं किया जाएगा। अनियमितता या गबन की स्थिति सामने आती है तो संबंधित आहरण-वितरण अधिकारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिले को हर माह की 20 तारीख तक खर्च का पूरा विवरण निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराना होगा। वहीं, कोषागार से आहरित धनराशि का मिलान विवरण अगले माह की 5 तारीख तक देना अनिवार्य किया गया है। कुल मिलाकर, सरकार पंचायत स्तर पर डिजिटल ढांचा मजबूत करने के साथ-साथ वित्तीय अनुशासन को भी सख्ती से लागू करने के मूड में नजर आ रही है।

 

संबंधित समाचार