काल बनकर दौड़ी टाटा मैजिक : बस से सामान उतार रहे हेल्पर समेत तीन को रौंदा, दो की मौत

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

शाहबाद, अमृत विचार। शाहबाद-बिलारी रोड पर बड़ागांव चौराहे के पास गुरुवार तड़के एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने निजी बस से सामान उतार रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में हेल्पर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली-सिरौली रूट की एक निजी बस तड़के करीब 4:30 बजे बड़ागांव चौराहे पर रुकी थी। बस से हेल्पर रिजवान (32) और कुछ सवारियां सामान उतार रही थीं। इसी दौरान पीछे से बिलारी की ओर से आ रही तेज रफ्तार लोडिंग टाटा मैजिक ने अनियंत्रित होकर उन्हें टक्कर मार दी।

हादसे में शाहबाद के मोहल्ला कानून गोयान निवासी सवारी अरशद (25) व हेल्पर रिजवान (40) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, शाहबाद के मित्तरपुर निवासी विशाल और खरसोल निवासी कासिम मामूली चोटें आई हैं। जनपद संभल के असमोली निवासी टाटा मैजिक चालक वसीम गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी टांगें टूट गईं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने रिजवान और अरशद को मृत घोषित कर दिया। गंभीर घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि यह लोग दिल्ली से बाइक का सामान लेकर लौट रहे थे। अचानक हुए इस हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टाटा मैजिक काफी तेज गति में थी। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सीधे बस के पीछे खड़े लोगों को टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा हो गया।

वाहन में फंसा चालक, मशक्कत से निकाला
हादसे के बाद टाटा मैजिक चालक वाहन में ही फंस गया था। पुलिस ने काफी प्रयास के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

संबंधित समाचार