लखनऊ : फूड वैली में आरोपी का हाई वोल्टेज डिनर, सादे कपड़ों में पुलिस ने पकड़ा, परिवार ने किया विरोध 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार : प्लॉट पर निर्माण के दौरान रंगदारी न मिलने पर फायरिंग और हमले के मामले में फरार आरोपी को पकड़ने के लिए ठाकुरगंज पुलिस सादे कपड़ों में गोमतीनगर स्थित फूड वैली पहुंची। वहां डिनर कर रहे आरोपी को जैसे ही पुलिस ने दबोचा, उसके परिवार और परिचितों ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। आरोपी खुद को बचाने के लिए सड़क पर लेट गया। काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई। बुधवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित के अनुसार 18 जनवरी को अमीनाबाद के मॉडल हाउस निवासी फहम जहीर ने दुबग्गा के बेगरिया क्षेत्र में अपने प्लॉट पर निर्माण के दौरान रंगदारी मांगने और न देने पर फायरिंग व हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि असलहे से लैस आरोपियों ने निर्माणाधीन प्लॉट पर पहुंचकर फायरिंग की, डंडों से हमला किया और पथराव भी किया। दुबग्गा पुलिस ने इस्लाम उर्फ ओलू निवासी मिश्रीबाग, बालागंज ठाकुरगंज समेत सात नामजद और 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास व 7 सीएलए एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था।

मामले की विवेचना बाद में ठाकुरगंज पुलिस को सौंप दी गई। सोमवार को सूचना मिली कि आरोपी इस्लाम गोमतीनगर स्थित फूड वैली में मौजूद है। पुलिस टीम सादे कपड़ों में वहां पहुंची और उसे पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ने विरोध करते हुए खुद को बचाने की कोशिश की और उसकी पत्नी व परिचितों ने अपहरण का आरोप लगाते हुए शोर मचाया। आरोपी की बच्ची भी रोने लगी और मौके पर भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। काफी देर तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मामले की जानकारी देकर हिरासत में ले लिया और साथ ले गई।

मतांतरण समेत दर्ज हैं 11 आपराधिक मामले

ठाकुरगंज इंस्पेक्टर ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी इस्लाम के खिलाफ वजीरगंज, ठाकुरगंज और दुबग्गा में 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा अयोध्या के कैंट थाने में धोखाधड़ी, धर्म परिवर्तन, सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में भी एफआईआर दर्ज है।

ये भी पढ़ें : 
यूपी : ग्रामीण क्षेत्रों की गैस एजेंसियों में लग रहीं कतारें, 40 दिन में बुकिंग के नियम से बढ़ी समस्या

संबंधित समाचार