प्रयागराज : न्यूरो सर्जन पर छात्रा ने लगाया छेड़छाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक निजी न्यूरोसर्जन पर महिला छात्रा ने छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली 24 वर्षीय छात्रा ने आरोप लगाया कि वह बुधवार रात माइग्रेन की शिकायत लेकर क्लाइव रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में डॉक्टर को दिखाने गई थी।

उसका कहना है कि देर रात करीब 10:30 बजे नंबर आने पर डॉक्टर ने जांच के बहाने उसे केबिन में बुलाया और अन्य मरीजों को बाहर भेज दिया। पीड़िता के अनुसार, केबिन में अकेले होने पर डॉक्टर ने कथित रूप से अनुचित व्यवहार किया। विरोध करने पर वह किसी तरह बाहर निकली और मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद मौके पर हंगामा हो गया।

सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद छात्रा को परिजनों के साथ थाने ले जाया गया, जहां उसने लिखित शिकायत दी। सहायक पुलिस उपायुक्त सिविल लाइंस विद्युत गोयल ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छात्रा को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी डॉक्टर से पूछताछ की गई है और सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

संबंधित समाचार