Bareilly : एलपीजी की तुलना में पीएनजी किफायती, पहले बिल पर पांच सौ रुपये छूट

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

डीएम ने पीएनजी, एलपीजी, गैस एजेंसी व ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

बरेली, अमृत विचार। डीएम अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को पीएनजी, एलपीजी, व ऑयल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को सिलेंडर रिफिल डीएसी प्राप्त होने के बाद होम डिलीवरी ओटीपी से ही कराएं, ताकि गैस एजेंसियों पर भीड़ न लगे। डीएम ने आमजन से पीएनजी कनेक्शन कराने की अपील की। सीयूजीएल के अधिकारियों ने एलपीजी की तुलना में पीएनजी को किफायती बताया और पहले बिल पर पांच सौ रुपये छूट की जानकारी दी।

अफसरों ने बताया कि पीएनजी सप्लाई नेटवर्क बढ़ाया जा रहा है। पीएनजी कनेक्शन पर सीयूजीएल विशेष लाभ दे रही है। पीएनजी कनेक्शन पांच हजार रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिकारियों ने डीएम को यह भी जानकारी दी कि जिन उपभोक्ताओं के पास पूर्व से पीएनजी कनेक्शन हैं, उनसे सरकार के निर्देशों के क्रम में एलपीजी गैस कनेक्शन समर्पण कराए जा रहे हैं। डीएम ने पेट्रोल पंप के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूं कटाई का कार्य होने के कारण किसानों को किसी यंत्र के लिए डीजल की जरूरत है तो नियमानुसार उपलब्ध कराएं। ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसर को निर्देश दिये कि किसी भी दशा में डीजल का अधिक मात्रा में भण्डारण न होने पाए। एडीएम ई पूर्णिमा सिंह, एडीएम फाइनेंस संतोष कुमार सिंह, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, अपर नगर आयुक्त, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

जिले में पीएनजी के 56789 कनेक्शन
जिले में पीएनजी के 56789 कनेक्शन हैं। सीयूजीएल ने पीएनजी सप्लाई की लाइन बदायूं रोड, सिविल लाइंस, सेटेलाइट, शाहजहांपुर रोड, मिनी बाईपास रोड, मठ लक्ष्मीपुर रोड, रहपुरा चौधरी रोड, रामपुर रोड, सीबीगंज, हार्टमन कॉलेज, फनसिटी, इज्जतनगर, मुड़िया अहमद नगर, सौ फुटा रोड, महानगर, वीर सावरकर नगर, डेलापीर, संजय नगर, राजेन्द्र नगर, तहसील फरीदपुर में कनेक्शन संचालित हो रहे हैं।

संबंधित समाचार