Bareilly : पैसे देने के बाद भी नहीं लगे बिजली मीटर
शहरी क्षेत्र में 50, ग्रामीण क्षेत्र में 142 उपभोक्ताओं के मीटर नहीं लगने से नाराज हुए मुख्य अभियंता
बरेली, अमृत विचार। गर्मी की शुरुआत हो गई है, लेकिन विभाग की लापरवाही की वजह से कनेक्शन का पैसा जमा करने के बाद भी उपभोक्ताओं के घर मीटर नहीं लगे है। शहरी क्षेत्र में झटपट पोर्टल पर भी काफी संख्या में कनेक्शन लंबित हैं। समीक्षा बैठक में मामला सामने आने के बाद मुख्य अभियंता ने नाराजगी जताते हुए लंबित कनेक्शन पर रिपोर्ट लगाकर जल्द मीटर लगाने के निर्देश दिए।
बरेली जोन प्रथम के मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग पर समीक्षा बैठक की। सामने आया कि शहरी क्षेत्र में झटपट पोर्टल पर 88 कनेक्शन लंबित हैं जिन पर आवेदन करने के बाद रिपोर्ट नहीं लगाई गई है। मुख्य अभियंता ने जल्द रिपोर्ट लगाकर कनेक्शन देने के निर्देश दिए। इसके अलावा समीक्षा में सामने आया कि शहरी क्षेत्र में कनेक्शन पर रिपोर्ट लगने के बाद 46 मीटर नहीं लगने से उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिल पा रही है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी 133 कनेक्शन पर मीटर नहीं लगा है। उन्होंने संबंधित क्षेत्र के एक्सईन को फटकार लगाकर कहा कि पैसा जमा करने के बाद भी उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति नहीं मिल रही ये आपत्तिजनक है। एक सप्ताह में सभी लंबित आवेदन दूर किए जाएं।
