जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर गरमाई सियासत, पंकज चौधरी ने विपक्ष पर साधा निशाना, बताया डरपोक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है और कहा है कि प्रदेश की जनता के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मेहमान नहीं, बल्कि घर के सदस्य की तरह हैं। पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी कहा कि प्रदेश की 25 करोड़ जनता के हर घर में प्रधानमंत्री का अपना स्थान है। 

उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि मेहमान वे लोग हैं, जो पांच साल में केवल चुनाव के समय ही जनता के बीच आते हैं और हार मिलने पर व्यवस्था पर सवाल उठाते हैं। केंद्रीय मंत्री ने नोएडा का उल्लेख करते हुए कहा कि जो लोग कभी राजनीतिक कारणों से नोएडा आने से भी कतराते थे, आज उसी नोएडा में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन हुआ है। इसे उन्होंने विकास की नई ऊंचाई करार दिया।

चौधरी ने विपक्ष की राजनीति को डरपोक और भ्रष्ट बताते हुए कहा कि पहले नोएडा को केवल निजी लाभ का माध्यम बनाया गया, जबकि अब यह क्षेत्र वैश्विक स्तर पर पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट विकास की उस उड़ान का प्रतीक है, जिसे संकीर्ण सोच वाले लोग समझ नहीं पाएंगे। 

उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विपक्ष की राजनीति को पूरी तरह नकारने के लिए तैयार है और लोकतांत्रिक तरीके से उन्हें जवाब देगी। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर नोएडा एयरपोर्ट और विकास बनाम राजनीति का मुद्दा गरमा गया है।

गौरतलब है कि पीएम मोदी ने जेवर हवाई अड्डा के उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में कहा था कि पहले की सरकारों ने नोएडा के विकास को नजरअंदाज किया। उन्होंने आरोप लगाया था कि सपा सरकार के समय इस क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के बजाय निजी स्वार्थों के लिए इस्तेमाल किया गया।मोदी ने कहा था कि आज की सरकार पारदर्शिता और विकास के एजेंडे पर काम कर रही है।

मोदी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बयान जारी किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री प्रदेश में मेहमान बनकर आए हैं और उन्हें सम्मान के साथ विदा किया जाएगा। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जब हार सामने दिखने लगती है, तो व्यक्ति अपने पद और शब्दों पर नियंत्रण खो देता है, लेकिन हमारे संस्कार में हमेशा बड़ों का सम्मान करना शामिल है।  

संबंधित समाचार