Bareilly : 35 करोड़ की टैक्स चोरी मामले में गैंगस्टर मनोज जायसवाल की संपत्ति कुर्क

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। शुक्रवार को जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। 35 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी से जुड़े बहुचर्चित मामले में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित आरोपियों की संपत्तियों को कुर्क किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के बीच डर का माहौल बन गया है।

यह कार्रवाई ग्रीन पार्क निवासी मनोज जायसवाल, उसके भाई नीरज जायसवाल समेत कुल 27 आरोपियों के खिलाफ की गई। इन सभी के विरुद्ध पहले से ही गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपियों ने अवैध तरीकों से अर्जित धन से संपत्तियां खड़ी की थीं, जिन्हें अब कानून के तहत जब्त किया जा रहा है।

करीब दोपहर 2 बजे मजिस्ट्रेट विदित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और कुर्की की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान बरेली और सहारनपुर पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी, ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न उत्पन्न हो।

दरअसल, इस पूरे मामले की जड़ सहारनपुर में स्थित टपरी डिस्टिलरी से जुड़ी है, जहां बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी का खुलासा हुआ था। जांच एजेंसियों ने करीब 35 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया था। इस मामले में 9 दिसंबर को सहारनपुर पुलिस ने फैक्ट्री के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रणय अनेजा के साथ-साथ बरेली निवासी मनोज जायसवाल, नीरज जायसवाल और अन्य के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। वर्ष 2021 में उसके खिलाफ बरेली के बारादरी थाने में भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

संबंधित समाचार