गर्मी की छुट्टियों में करें 7 ज्योतिर्लिंग के दर्शन : IRCTC यात्रा करने का दे रहा सुनहरा मौका, EMI की सुविधा भी है उपलब्ध
लखनऊ, अमृत विचार : इस बार गर्मी की छुट्टियों में भगवान शंकर के दर्शन करने जाना चाहते हैं तो आपके लिए सुनहरा मौका है। इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने एक खास टूर पैकेज लांच किया है। इस खास पैकेज में भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिये सात ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराये जायेंगे। यह यात्रा 27 अप्रैल से शुरू होगी और 8 मई तक जारी रहेगी। यह पूरी यात्रा में 11 रात व 12 दिन का समय लगेगा। इस यात्रा में ईएमआई व एलटीसी की सुविधा भी मिल रही है। ईएमआई का लाभ बैंकों से लिया जा सकता है।
इन स्टेशनों से शुरू कर सकते हैं अपनी यात्रा
इंडियन रेलवे केटरिंग एण्ड टूरिज्म कार्पोरेशन लि (आईआरसीटीसी) गोरखपुर रेलवे स्टेशन से भारत गौरव पर्यटक ट्रेन के जरिये इस धार्मिक यात्रा की शुरूआत करेगा। जिसमें उज्जैन में स्थित महाकालेश्वर ज्योतिलिंग, ओंमकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारकाधीश, भेंट द्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्रियंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, संभाजी नगर में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग और स्थानीय मंदिर के दर्शन का लाभ यात्रियों को मिलेगा। यात्री गोरखपुर रेलवे स्टेशन के अलावा यात्रा के लिए मनकापुर - अयोध्या कैंट,सुल्तानपुर, माँ बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी, ललितपुर रेलवे स्टेशन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
ट्रेन में होंगी 751 सीट
विशेष ट्रेन में श्रेणी के अनुसार कुल बर्थों की संख्या 751 रखी है, जिसमें 2 एसी में कुल 49 सीटें, 3 एसी में कुल 210 सीटें और स्लीपर में कुल 492 सीटें रखी गयीं हैं।
सुविधायें और किराया
इस पैकेज में 2 एसी, 3 एसी और स्लीपर क्लास यात्रा, नाश्ता एवं दोपहर व रात्रि का शाकाहारी भोजन, एसी/ नॉन एसी बसों द्वारा स्थानीय भ्रमण व होटल में ठहरना सम्मिलित है। हालांकि होटल में ठहरने की व्यवस्था श्रेणी के अनुसार होना बताया जा रहा है। इकोनामी श्रेणी (स्लीपर क्लासं) में ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 23500 रुपये रखा है, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए पैकेज का मूल्य प्रति बच्चा 22160 रुपये रखा गया है। स्टैंडर्ड श्रेणी (3एसी क्लास) में ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 40000 रुपये। 5से 11 वर्ष के बच्चों के लिए पैकेज का मूल्य प्रति बच्चा 38430 रुपये है । कम्फर्ट श्रेणी (2एसी क्लास) में ठहरने पर पैकेज का मूल्य प्रति व्यक्ति 53260 रुपये एवं प्रति बच्चे (5-11 वर्ष) का पैकेज का मूल्य 51370 रुपये रखा है। इस पैकेज की बुकिंग पहले आओ पहले पाओ के आधार पर की जायेगी। उक्त यात्रा की बुकिंग हेतु पर्यटन भवन, गोमती नगर, लखनऊ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय एवं आईआरसीटीसी की बेवसाइट www.irctctourism.com से आनलाइन बुकिंग भी कराई जा सकती है।
अधिक जानकारी एवं बुकिंग के लिये नीचे दिये गये मोबाइल नम्बरों पर सम्पर्क कर सकते है:
9236391908, 9305110962, 8287930908, 9415042930, 8287930913, 9236391925
