Bareilly: इज्जतनगर रेल मंडल ने भरी उड़ान, राजस्व और यात्रियों में बनाया कीर्तिमान

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। पूर्वोत्तर रेलवे का इज्जतनगर मंडल अब भारतीय रेल के मानचित्र पर एक परफॉर्मेंस हब के रूप में उभर कर सामने आया है। राजस्व और यात्रियों की संख्या व सुविधाओं में मंडल ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। डीआरएम कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एडीआरएम और सीनियर डीसीएम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के जो आंकड़े पेश किए, वह मंडल की बदलती तस्वीर की तस्दीक करते हैं।

अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की इज्जतनगर मंडल की ऐतिहासिक उपलब्धियां साझा करते हुए बताया कि मंडल ने इस वर्ष न केवल अपनी अखिल भारतीय रैंकिंग में सुधार किया है, बल्कि आय के नए रिकॉर्ड भी स्थापित किए हैं। अखिल भारतीय स्तर पर मंडल ने 9वां स्थान हासिल किया है, जो वर्ष 2019 के बाद से अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। समयबद्धता और उत्कृष्ट परिचालन के कारण मंडल ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। 

सीनियर डीसीएम संजीव कुमार ने बताया कि मंडल का राजस्व बढ़कर 560.19 करोड़ तक पहुंच गया है, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 3.81 प्रतिशत अधिक है। यात्रियों के भरोसे का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष कुल 6.9 करोड़ (69 मिलियन) यात्रियों ने इज्जतनगर मंडल की सेवाओं का लाभ उठाया। यात्री आय में भी 4.35 प्रतिशत का उछाल देखा गया, जिससे यह 365.46 करोड़ के पार पहुंच गई है। इसके अलावा, माल ढुलाई से मंडल को 161.66 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है, जबकि बिना टिकट यात्रा और अन्य अनियमितताओं पर सख्ती बरतते हुए 20.03 करोड़ की वसूली की गई है।

प्रेसवार्ता में बताया गया कि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में 12 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिससे यात्रियों के लिए कनेक्टिविटी और सुगम हुई है। डिजिटल इंडिया की दिशा में कदम बढ़ाते हुए ''यूटीएस ऑन मोबाइल'' ऐप के जरिए होने वाली बुकिंग में 34.42 प्रतिशत की आय वृद्धि दर्ज की गई। कुछ नई ट्रेनों की डिमांड भेजी गई है। वंदे मातरम के लिए कुछ ओर स्टेशन अपग्रेड किए जा रहे हैं। एडीआरएम मनोज कुमार ने कहा कि कुल मिलाकर यह उपलब्धियां इज्जतनगर मंडल की पूरी टीम के उस साझा प्रयास का परिणाम हैं, जिसने सुविधा और शुचिता को रेल सेवा का पर्याय बना दिया है।

संबंधित समाचार