राम मंदिर में पहली बार 25 अप्रैल को मनेगा मां जानकी का जन्मोत्सव, गर्भगृह में सजेगी भव्य झांकी, शिव मंदिर पर ध्वजारोहण करेंगे सीएम योगी

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

अयोध्या, अमृत विचार: राममंदिर में पहली बार मां जानकी जन्मोत्सव मनाया जाएगा। मंदिर के प्रथम तल पर श्रीराम के साथ माता जानकी भी विराजमान है। जहां 25 अप्रैल को वैशाख नवमी तिथि को विधि विधान पूर्वक आयोजन होगा। गर्भगृह में भव्य झांकी सजेगी, जहां धार्मिक अनुष्ठान भी संपन्न होंगे। वहीं अन्य मंदिरों में भी आयोजन की तैयारी है।
अयोध्या में 24 से अधिक मां जानकी उपासक मंदिर हैं। जहां जानकी नवमी को लेकर भव्य आयोजन किया जाएगा। जिसमें मुख्य रूप से रंग महल, जानकी महल, सद्गुरु सेवासदन, विभूति भवन, कनक महल और कुल देवी छोटी देवकाली मंदिर है। जहां धार्मिक अनुष्ठान के साथ भव्य झांकी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा माता जानकी की कुलदेवी छोटी देवकाली मंदिर से नवमी के पूर्व संध्या पर विशाल रथ यात्रा भी निकाली जाएगी।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपने पहले वार्षिक कैलेंडर में पहली बार जानकी नवमी पर भी उत्सव मनाए जाने की तिथि को भी शामिल किया हैं। ट्रस्ट के सदस्य डॉक्टर अनिल मिश्र के मुताबिक प्रथम तल पर माता जानकी जी, प्रभु श्री राम के साथ विराजमान हैं। इसके अलावा परकोटे में भी अन्य देवी-देवता विराजमान है। जहां प्रत्येक वर्ष सभी के अलग अलग तिथियों में उनसे सम्बंधित कार्यक्रम किए जाने है। इसी के तहत जानकी नवमी का भी आयोजन तय किया गया है। इस दिन प्रथम तल राम दरबार की भव्य झांकी सजाई जाएगी। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

शिव मंदिर पर ध्वज आरोहण करेंगे सीएम योगी

राम मंदिर के परकोटे स्थित शिव मंदिर के शिखर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ध्वज आरोहण करेंगे। इसके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने पत्र लिखकर समय मांगा है। इसके अलावा 11 अप्रैल को गणेश मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण के लिए एलएंडटी के चेयरमैन एसएन सुब्रमण्यम व टाटा कांस्टेंसी के प्रबंध निदेशक अमित शर्मा को आमंत्रित किया गया है। इसके पूर्व दो अप्रैल को हनुमान मंदिर पर बजरंग दल पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों के द्वारा किया गया था।

 

संबंधित समाचार