मुरादाबाद : शहर के चर्चों में केक सेरेमनी आज, जन्म लेंगे प्रभु यीशु
मुरादाबाद,अमृत विचार। इंसान को गुनाहों से मुक्ति दिलाने के लिए प्रभु यीशु गुरुवार की रात 12 बजे चरनी में जन्म लेंगे। उनके जन्मोत्सव पर खुशी के गीत गाए जाएंगे। इसके साथ ही केक सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विशेष रुप से बनवाएं गए केक को काटकर मसीह समाज के लोगों को बांटा जाएगा। कोरोनाकाल …
मुरादाबाद,अमृत विचार। इंसान को गुनाहों से मुक्ति दिलाने के लिए प्रभु यीशु गुरुवार की रात 12 बजे चरनी में जन्म लेंगे। उनके जन्मोत्सव पर खुशी के गीत गाए जाएंगे। इसके साथ ही केक सेरेमनी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें विशेष रुप से बनवाएं गए केक को काटकर मसीह समाज के लोगों को बांटा जाएगा। कोरोनाकाल के चलते चर्चों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
प्रभु यीशु का जन्मोत्सव आज गुरुवार रात को मनाया जाएगा। इस अवसर विविध कार्यक्रमों के साथ केक काटकर वितरण किया जाएगा। केक काटने के बाद मसीह समाज के लोग एक-दूसरे को मैरी क्रिसमस बोलकर बधाई देंगे। पीलीकोठी स्थित फिलिप्स मेमोरियल मैथोडिस्ट चर्च में फादर बृजेश मैन्सल, चौमुखापुल स्थित ओल्ड मैथोडिस्ट चर्च में पादरी डेनियल मसीह, बारादरी स्थित सिटी मैथोडिस्ट चर्च दांग, मंडल रेल प्रबंधक परिसर स्थित मैथोडिस्ट सहित महानगर के सभी चर्चों में विशेष प्रार्थना की जाएगी।
फिलिप्स मेमोरियल मैथोडिस्ट चर्च के फादर बृजेश मैंसल ने बताया कि ईसाई समाज की मौजूदगी में आज गुरुवार रात 11.30 बजे चर्च में जन्मोत्सव की धर्म विधि शुरू होगी। रात 12 बजे के बाद गीत गाकर प्रभु के जन्म की खुशी में केक काटेंगे। साथ ही चर्च में यीशु को याद करते हुए समाज के लोग विशेष प्रार्थना करेंगे। मसीह समाज के लोग यीशु के रूप में बालक की प्रतिमा हाथ में लेकर पवित्र ज्योति की परिक्रमा करेंगे। इसके बाद चर्च में पवित्र बलिदान होगा। रात 2 बजे तक पूजन विधि होगी। सांता क्लॉज मिठाई व चाकलेट बांटेंगे। कार्यक्रम 3 बजे तक चलेंगे।
पवित्र बलिदान कार्यक्रम कल
फादर बृजेश मैंसल ने बताया कि 25 दिसंबर को सुबह 8.30 बजे पुन: चर्च में पवित्र बलिदान कार्यक्रम होगा। चर्च में प्रभु के जन्म प्रसंग से संबंधित झांकी का निर्माण भी किया गया है। 25 दिसंबर को प्रार्थना के अलावा मिलन समारोह और शाम को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। क्रिसमस के लिए शहर के अनेक चर्च में साज-सज्जा के साथ आकर्षक लाइट लगाई गई है।
लाइव होगा कार्यक्रमों का प्रसारण
कोरोनाकाल के कारण चर्चों में क्रिसमस कार्यक्रमों में गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। मास्क, सेनेटाइजर के साथ ही दो गज की दूरी का पालन करते हुए प्रार्थना की जाएगी। इसके साथ ही चर्चों में क्षमता से 50 फीसद ही समाज के लोगों को प्रवेश दिया जाएगा। जो लोग घर होंगे उनके लिए कार्यक्रमों का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।
