कानपुर में दूधिये पर गौमूत्र मिलाने का आरोप लगा सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, जानें पूरा मामला
कानपुर, अमृत विचार। पिछले 40 वर्षों से मुस्लिम इलाकों में दूध की आपूर्ति देने वाले एक दूधिये को एक साजिश के तहत दूध में गौमूत्र मिलाने का आरोप लगाते हुए आपसी सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाया। पुलिस ने पूरे मामले को संभाला।
गुप्ता दूध वाले से मशहूर दूधिया पिछले कई वर्षों से तलाक महल, बेकनगंज, चमनगंज समेत कई क्षेत्रों में दूध की आपूर्ति देता था लेकिन रविवार की रात में कुछ लोगों ने दूधिये को पकड़ लिया और उसके स्कूटी की डिग्गी में रखे गौमूत्र अर्क की बोतल दिखाते हुए वीडियो बनाया कि दूधिया दूध में गौमूत्र मिलाकर आपूर्ति देता था, हालांकि इस दौरान दूधिया बिल्कुल शांत खड़ा रहा।
इस दौरान कुछ लोगों ने बेकनगंज पुलिस को भी घटना की जानकारी दी तो थाना की फोर्स मौके पर पहुंची। इसी दौरान कई लोगों ने दूधिये का वीडियो वायरल करते हुए ये संदेश दे दिया कि आप लोग ऐसे दूधिये से दूध नहीं लें। दूधिये को पुलिस थाना ले आई और उससे पूछताछ की। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि दूधिये की किडनी में कुछ दिक्कत है, इसलिए वह गौमूत्र अर्क का सेवन करता है।
