UP: बारिश ने किसानों की बढ़ाईं परेशानी, फसल भीगने से हुई खराब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। पिछले कई दिनों से आंधी और बारिश का मौसम बना हुआ है। अप्रैल माह में हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। मंगलवार को दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। तेज हवा और गरज चमक के साथ बारिश हुई। जिससे गेहूं की फसल भीग गई। साथ ही कटाई भी प्रभावित हो गई। बारिश होने के बाद कुछ देर के लिए धूप निकली। लेकिन दो घंटे बाद फिर से काले काले बादल छा गए। और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। जो कि देर रात तक जारी रही। मौसम के जानकारों ने दस अप्रैल तक ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है।

अप्रैल माह के शुरुआत से मौसम में लगातार बदल रहा है। रोजाना किसी न किसी समय आंधी और बारिश हो रही है। सोमवार को मौसम साफ रहने के बाद मंगलवार की दोपहर अचानक मौसम में बदल गया। देखते ही देखते आसमान में काले काले बादल घिर आए। कुछ ही देर में तेज हवाएं चलने लगी। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक तेज हवा और गरज चमक के साथ बारिश हुई।

एक घंटे बाद मौसम साफ हो गया। और धूप खिल उठी। लेकिन शाम चार बजे से फिर मौसम का रुख बदला और हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई। बूंदाबांदी देर शाम तक जारी रही। मंगलवार को दोपहर बाद हुई बारिश की वजह से खेत में गेहूं की कटाई का कार्य प्रभावित हो गया। तेज हवाओं से कटी फसल पूली उड़ने से किसान की चिंता बढ़ गई है। कटाई का काम भी रुक गया। किसानों का कहना है कि बेमौसम बरसात की वजह से गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।

दाना काला पडने का अंदेशा है। वहीं मौसम के बदले रुख की वजह से सड़कों पर आवाजाही कम रही। पटरी दुकान भी सामान समेट कर घर चलते बने। जिला कृषि अधिकारी मनोज रावत ने बताया कि पश्चिम विक्षोभ का असर दस अप्रैल तक बना रहेगा। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा। तापमान में भी वृद्धि होगी। कृषि अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बताया कि बुधवार को भी बारिश की संभावना बनी हुई है।

संबंधित समाचार