ऐशबाग वार्ड में नगर आयुक्त का सख्ती भरा औचक निरीक्षण: सीवर-सड़क और शौचालय निर्माण की दी एक माह की डेडलाइन
लखनऊ, अमृत विचार : नगर आयुक्त गौरव कुमार ने मंगलवार को जोन-2 स्थित ऐशबाग वार्ड का औचक निरीक्षण किया। पीली कॉलोनी, रामनगर कॉलोनी समेत अन्य कॉलोनी में सीवर समस्या पर गंभीरता दिखाई और जीएम जलकल कुलदीप सिंह को निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में सीवर कनेक्शन और पाइपलाइन नहीं है वहां का विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करें।
इसके अलावा नगर आयुक्त ने जोन-2 में निर्माणाधीन पीसीटीएस और सामुदायिक शौचालयों का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि इन कार्यों को एक माह के भीतर हर हाल में पूर्ण कराएं, ताकि आमजन को जल्द से जल्द इन सुविधाओं का लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में कई स्थानों पर जर्जर सड़कों और क्षतिग्रस्त नालियों की स्थिति भी सामने आई। इस पर नगर आयुक्त ने अभियंत्रण विभाग को निर्देश दिए कि सभी खराब सड़कों और नालियों की मरम्मत के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत करें।उपलब्ध बजट के अनुसार प्राथमिकता तय करते हुए इन कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए। अमृत योजना के तहत बन रहे सेंट्रल पार्क का भी संज्ञान लिया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि पार्क के हैंडओवर की प्रक्रिया से जल्द पूर्ण कर लें।
कूड़ा उठान और शिकायत निस्तारण में तेजी लाएं
नगर आयुक्त ने मंगलवार को स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम से शहर के सभी आठों जोनों के कार्यों की समीक्षा की। सभी जोनल अधिकारी, जोनल सेनेटरी अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि ऑनलाइन जुड़े। नगर आयुक्त ने शहर में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया और कूड़ा उठान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों को चेतावनी दी कि कार्य में कमी मिली तो संबंधित एजेंसी और अधिकारियों पर कार्रवाई करेंगे। कहा कि स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम शहर की निगरानी का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर तुरंत कार्रवाई करें।
