6466 करोड़ की 325 परियोजनाओं से चमकेगा आगरा : बोले CM योगी-‘ग्रेटर आगरा’ बनेगा नया आर्थिक केंद्र, रोजगार के खुलेंगे अवसर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

10 हजार परिवारों के लिए आधुनिक टाउनशिप, नदियों के नाम पर सेक्टर

लखनऊ, अमृत विचार: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को आगरा को 6466.37 करोड़ रुपये की 325 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। आगरा इनर रिंग रोड के समीप रहनकलां में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप का भूमिपूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘ग्रेटर आगरा’ प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और यह शहर जल्द ही दूसरे नोएडा के रूप में उभरेगा। यहां बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होंगी, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार आगरा को केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि इसे एक आधुनिक, सांस्कृतिक और आर्थिक हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। ‘नए शहर प्रोत्साहन योजना’ के तहत आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा 5142 करोड़ रुपये की लागत से रायपुर और रहनकलां में 449.65 हेक्टेयर क्षेत्र में टाउनशिप विकसित की जाएगी। इसमें 10 हजार से अधिक परिवारों के लिए मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग, प्लॉट, चौड़ी सड़कें, सीवरेज, हरित क्षेत्र और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। टाउनशिप के सेक्टरों का नाम गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी सहित 10 पवित्र नदियों के नाम पर रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश और आधारभूत ढांचे के कारण आज उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जहां दुनिया के कई देश संकट से जूझ रहे हैं, वहीं भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से विकास कर रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार