गोरखपुर में चिकन बिरयानी में कॉकरोच मिलने से हड़कंप, सिटी मॉल में लोगों ने काटा जमकर बवाल 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में गोरखपुर शहर के व्यस्त इलाके सिटी मॉल स्थित बार्बिक्यू नेशन में चिकन बिरयानी में कॉकरोच मिलने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार पीपीगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष सचिन वर्मा बुधवार रात अपने परिवार और परिचितों के साथ जन्मदिन की पार्टी मनाने रेस्टोरेंट पहुंचे थे। पार्टी के दौरान जब उन्होंने चिकन बिरयानी खाना शुरू किया तभी उनकी नजर खाने में पड़े कॉकरोच पर पड़ी। यह देखते ही वहां मौजूद लोगों में आक्रोश फैल गया और रेस्टोरेंट में जमकर हंगामा होने लगा। 

घटना से नाराज सचिन वर्मा ने तत्काल औषधि प्रशासन विभाग फूड सेफ्टी को सूचना दी। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। अधिकारियों ने संदिग्ध बिरयानी का नमूना लेकर उसे लैब परीक्षण के लिए भेज दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रारंभिक जांच में साफ.सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। अधिकारियों ने रेस्टोरेंट प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए हैं कि सभी कमियों को तत्काल दूर किया जाए। 

इसके साथ ही जांच पूरी होने तक रेस्टोरेंट को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इस पूरे मामले का फोटो और वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्राहकों का गुस्सा और रेस्टोरेंट स्टाफ की सफाई भी साफ दिखाई दे रही है। शहर में इस घटना के बाद लोगों में बाहर खाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि बड़े ब्रांडेड रेस्टोरेंट में भी इस तरह की लापरवाही सामने आना बेहद गंभीर है और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

 ये भी पढ़ें :
हरदोई के BSA पर लापरवाही के आरोप: प्रशासन ने शुरू की विभागीय जांच, जानिए मामला 

संबंधित समाचार