कानपुर : मुफ्त इलाज का झांसा देकर जेवरात ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर की स्वरूपनगर पुलिस ने इलाज कराने के नाम पर ठगी कर आभूषण लूटने वाली एक महिला ठग को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने गुरुवार को यहां पत्रकारों को बताया कि बीते छह अप्रैल को हृदयरोग संस्थान में एक अज्ञात महिला द्वारा मरीज की पत्नी को इलाज कराने का झांसा देकर सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र और पायल सहित करीब तीन लाख रुपये के आभूषण ठग लिए गए थे। इस संबंध में थाना स्वरूपनगर में मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला अनुपा उर्फ गुड्डी (48) निवासी इकरौता थाना इकरौता, उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछुआ, एक जोड़ी कान के टॉप्स तथा टूटा हुआ मंगलसूत्र बरामद किया है।
उन्होने बताया कि पीड़ित महिला का पति कार्डियोलॉजी सेंटर में भर्ती था जबकि आरोपी महिला ने पीड़िता को मुफ्त इलाज कराने का झांसा देकर अस्पताल के भीतर जांच (चेकअप/एक्स-रे) के नाम पर अपने साथ ले गई और उसे विश्वास में लेकर उसके सभी जेवर उतरवा लिए तथा मौके से फरार हो गई।
इस संबंध में प्राप्त सूचना के आधार पर थाना स्वरूपनगर में अभियोग पंजीकृत किया गया, जिसके बाद पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास करते हुए घटना का सफल अनावरण कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया तथा लूटे गए सभी जेवरात भी बरामद कर लिए गए हैं।
उन्होने बताया कि इस दौरान पीड़िता के पति की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिससे यह प्रकरण अत्यंत संवेदनशील हो गया था। रफ्तार महिला का पूर्व में भी इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रहने का आपराधिक इतिहास है। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने जेवरात एक सुनार को बेचे थे, जिससे पूछताछ की गई है और एक व्यक्ति का नाम प्रकाश में आया है, जिसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अन्य किन क्षेत्रों में इस प्रकार की घटनाओं में संलिप्त रही है। तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं तथा अन्य संभावित अभियुक्तों के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर उनके विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
