गाजीपुर में पलटी महाराष्ट्र के तीर्थ यात्रियों से भरी बस, दो श्रद्धालुओं की मौत, 20 घायल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में गुरुवार को गोरखपुर वाराणसी हाइवे पर नंदगंज थाना क्षेत्र में तीर्थ यात्रियों से भरी एक बस के पलट जाने से दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 20 अन्य घायल हो गए, जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। 

पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के जलगांव व बुलढ़ाणा जनपद से दो पर्यटक बसों में तीर्थ यात्री सवार होकर यात्रा करने निकले थे। वह यात्रा के क्रम में काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन कर नेपाल स्थित पशुपतिनाथ दर्शन करने पहुंचे थे। वहां से वह लोग दर्शन पूजन कर वापसी घर की ओर यात्रा पर थे। 

गुरुवार की दोपहर नंदगंज थाना अंतर्गत नैसारा ग्राम के समीप एक बस डिवाइडर पर चढ गयी। डिवाइडर पर करीब 50 मीटर तक घिसटने व कई बार पलटने के बाद बस हाइवे पर विपरित दिशा में सीधा खड़ी हो गयी। बस मे सवार लगभग 40-45 लोग बुरी तरह घायल हो गये। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जिसमें एक की पहचान अन्नपूर्णा मोईकर के रूप में की गई। 

दूसरे महिला की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। बस में सवार सभी 45 यात्रियों को एम्बुलेंस से गाजीपुर जनपद मुख्यालय स्थित महर्षि विश्वामित्र राजकीय मेडिकल कॉलेज के लिए भेजा गया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद लगभग 25 लोगों को छोड़ दिया गया शेष 20 लोगों का इलाज जारी है। जिसमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है।  

संबंधित समाचार