प्रयागराज : दबंगों ने बुजुर्ग के घर बरसाए देसी बम, दो गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

प्रयागराज।  उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मामूली कहासुनी के बाद कुछ युवकों द्वारा एक बुजुर्ग के घर पर बमबाजी किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी देर रात गली में आते और घर को निशाना बनाकर बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने गुरुवार को बताया कि झूसी स्थित आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-3 निवासी 62 वर्षीय अशोक कुमार ने तहरीर देकर बताया है कि मोहल्ले में किराए पर रहने वाले कुछ युवक अक्सर विवाद करते रहते हैं। आरोप है कि घटना की रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच आरोपी अपने साथियों के साथ हंगामा कर रहे थे।

अशोक कुमार के मुताबिक, उनका बेटा जब विरोध करने गया तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। बेटे को बचाने पहुंची उनकी पत्नी को भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और बम लेकर दौड़ा लिया। किसी तरह दोनों घर के अंदर जाकर छिप गए।

पीड़ित के अनुसार, करीब 1:30 घंटे बाद रात लगभग 12:30 बजे आरोपी दोबारा घर के बाहर पहुंचे और धमकी देने लगे। परिवार ने समझाने की कोशिश की, तभी आरोपियों ने घर के बाहर बम फेंक दिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और गली में धुआं फैल गया। परिवार ने घर के अंदर भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चार नामजद और दो-तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सहायक पुलिस उपायुक्त कुंजलता ने बताया कि हत्या के प्रयास, बमबाजी समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य की तलाश जारी है। 

संबंधित समाचार