जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत: मिर्जापुर में भाजपा विधयक ने प्रोजेक्ट मैनेजर को लगाई फटकार, सिर्फ कागजों में दावा 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत हर घर शुद्ध पेयजल आपूर्ति योजना की जमीनी हकीकत को लेकर सवाल उठने लगे हैं। सदर भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्र द्वारा प्रोजेक्ट मैनेजर को फटकार लगाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। 

सूत्रों ने बताया कि विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र के कोन ब्लॉक के विभिन्न गांवों के भ्रमण पर निकले थे, जहां ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर उन्हें घेर लिया और शिकायत की कि नलों में पानी नहीं आ रहा है, जबकि कागजों में आपूर्ति दर्शाई जा रही है। 

इस पर मिश्र ने मौके पर अधिकारियों और कार्यदायी संस्था जीए इंफ्रा कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर को बुलाकर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग द्वारा गलत आंकड़े प्रस्तुत किए जा रहे हैं और वास्तविकता यह है कि अधिकांश गांवों में अब तक पानी नहीं पहुंचा है। वीडियो में विधायक को मैनेजर पर नाराजगी जताते हुए कड़ी भाषा का इस्तेमाल करते हुए देखा जा रहा है। 

हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन को लेकर पहले भी महोबा जिले में शिकायतें सामने आ चुकी हैं। मिर्जापुर मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का गृह जिला भी है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं इस योजना को लेकर नाराजगी जता चुके हैं। 

जल निगम के अधिकारियों की ओर से परियोजना के लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि कई गांवों में अब भी पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए परेशान नहीं होने दिया जाएगा और यदि लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। 

ये भी पढ़ें : 
सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच बदमाश गिरफ्तार, लखनऊ से किडनैप व्यक्ति को कराया आजाद 

संबंधित समाचार