Bareilly : बरेली कॉलेज में रील बनाने पर सख्ती, तीन छात्रों पर कार्रवाई
परिसर में वीडियो बनाना प्रतिबंधित, उल्लंघन पर निलंबन की चेतावनी
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज प्रशासन ने परिसर में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाते हुए रील और वीडियो बनाने पर पूर्ण प्रतिबंध कर दिया है। बुधवार को कॉलेज परिसर में दो छात्राओं और एक छात्र को रील बनाते हुए पकड़ा गया। जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई की जानकारी कॉलेज परिसर में गुरुवार को अनाउंसमेंट के माध्यम से दी गई। ताकि अन्य छात्र-छात्राएं नियमों का पालन करें।
पकड़े गए छात्रों में बीए चतुर्थ सेमेस्टर के सोहेल हुसैन और बीए चतुर्थ सेमेस्टर दो अन्य छात्राएं भी शामिल थीं। कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधि में शामिल पाए जाने पर निलंबन सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी। चीफ प्रॉक्टर प्रो. इंद्रीवर सिंह चौहान ने बताया कि कॉलेज परिसर में नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सभी छात्र-छात्राओं को अपनी बाइक व साइकिल निर्धारित स्टैंड पर ही खड़ी करने तथा बिना पहचान पत्र के परिसर में प्रवेश न करने की हिदायत दी गई है।
बैठने का कारण पूछने पर भागे युवक-युवती
कॉलेज परिसर में सुरक्षा जांच के दौरान एक अन्य मामले में बेंच पर बैठे एक लड़का और एक लड़की से सुरक्षाकर्मियों ने बैठने का कारण पूछते हुए पूछताछ की। सुरक्षा कर्मी के पूछने पर दोनों वहां से भाग गए और जल्दबाजी में लड़का अपना मोबाइल फोन मौके पर ही छोड़ गया। बाद में सुरक्षा कर्मी के द्वारा पूछने पर लड़के ने अपना नाम बदलकर बताया। सुरक्षाकर्मियों ने फोन को कार्यालय में जमा कराया। चीफ प्रॉक्टर प्रो. इंद्रवीर सिंह चौहान के अनुसार सूचना देने के बाद गुरुवार को संबंधित युवक के भाई ने कार्यालय पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर फोन प्राप्त कर लिया।
