Bareilly : स्कूली वाहनों में मिल रहीं कमियां, नोटिस देकर सुधार के निर्देश
परिवहन विभाग की टीमें स्कूलों में जाकर कर रही चेकिंग
बरेली, अमृत विचार। निजी स्कूलों में नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। परिवहन विभाग की टीमों ने स्कूलों में जाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक चिकित्सा किट समेत अन्य चीजें देखी जा रही हैं। कमियां मिलने पर नोटिस देकर सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
विभाग शहर से देहात तक के एक हजार से अधिक स्कूलों में 15 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की फिटनेस-परमिट आदि की जांच कर रहा है। टीमें स्कूलों में जाकर ब्रेक, टायर, लाइट, स्पीड गवर्नर, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स और इमरजेंसी एग्जिट जैसी सुविधाओं का निरीक्षण करने के अलावा वाहन चालकों का लाइसेंस, परिचालकों की उपलब्धता व अभिलेखों की जांच कर रही हैं। आरआई हारुन सैफी ने बताया कि जहां कोई कमी मिल रही है तो नोटिस देकर उसमें सुधार करने को कहा गया है। अगर सुधार नहीं किया तो संबंधित स्कूल और वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
