जेवर लिंक एयरपोर्ट एक्सप्रेस वे परियोजना : बुलंदशहर के इन गांवों में शुरू हुआ भूमि अधिग्रहण, क्षेत्र के औद्योगिक विकास को लगेंगे पंख

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में प्रस्तावित जेवर लिंक एयरपोर्ट एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है और यूपीडा के पक्ष में बैनामे का कार्य शुरू हो गया है। जिलाधिकारी श्रीमती श्रुति ने बताया कि जिले की पांच तहसीलों खुर्जा, सदर, स्याना, शिकारपुर और सिकंदराबाद में एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 

इस दौरान बड़ी संख्या में किसानों ने स्वेच्छा से बैनामा कराकर परियोजना के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया है। जिला प्रशासन ने बैनामा कराने वाले किसानों को सम्मानित भी किया, जिससे उनमें संतोष और प्रसन्नता देखी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। 

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बैनामा प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और त्वरित बनाया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही अधिग्रहित भूमि के बदले मुआवजे की राशि शीघ्र किसानों के खातों में स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात सुविधाओं में सुधार होगा और औद्योगिक व आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

ये भी पढ़ें : 
आध्यात्मिक राजधानी का आधार बनेगा यूपी का बौद्ध सर्किट, 3000 करोड़ निवेश से बदलेगी सारनाथ से कुशीनगर तक तस्वीर

संबंधित समाचार