बाराबंकी : राजस्व वसूली में लापरवाही पर डीएम ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए ये निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। कलेक्ट्रेट स्थित लोकसभागार में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में नगर विकास विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों की कार्यप्रगति, राजस्व वसूली, स्वच्छता व्यवस्था, अतिक्रमण नियंत्रण, तालाबों के संरक्षण एवं विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। 

राजस्व वसूली में लक्ष्य से कम प्रदर्शन करने वाले नगर पंचायत बंकी, देवा, जैदपुर व सतरिख के अधिशासी अधिकारियों पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही आय बढ़ाने हेतु नवीन स्रोत विकसित करने और ठोस प्रयास करने को कहा। 

तालाबों के मत्स्य पालन हेतु आवंटन में धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए सभी तालाबों का शत-प्रतिशत आवंटन सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए गए। अतिक्रमण नियंत्रण हेतु साप्ताहिक अभियान चलाने और स्वच्छता व्यवस्था के अंतर्गत शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित करने को कहा गया। 

डीएम ने निर्देश दिए कि नालों की सफाई मई अंत तक पूर्ण की जाए तथा प्रत्येक अधिशासी अधिकारी सप्ताह में एक दिन जनचौपाल लगाकर समस्याओं का समाधान करें। निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता एवं समयसीमा के साथ पूरा करने तथा अमृत योजना, पीएम आवास (शहरी), मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं शहरी आजीविका मिशन की प्रगति तेज करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट तेजस के, डिप्टी कलेक्टर मधुमिता सिंह सहित नगर पालिका व नगर पंचायतों के ईओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार