राम मंदिर के 14 उप मंदिरों में दर्शन कर सकेंगे भक्त, एक दिन में 1500 जारी होंगे पास, ऑनलाइन बुकिंग शुरू
अयोध्या, अमृत विचार। राम जन्मभूमि परिसर में बने संपूर्ण उप मंदिरों को दर्शनार्थियों के लिए खोले जाने का इंतजार समाप्त हो गया। राम मंदिर परिसर में 13 अप्रैल दिन सोमवार से एक दिन में 1500 पास धारकों को परिसर में भ्रमण करने का अवसर प्राप्त होगा। इसके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के ऑफिशल वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन पास की बुकिंग शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है।
श्री राम मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भूतल में विराजमान रामलला, प्रथम तल पर राम दरबार में दर्शन होने के बाद परकोटा कॉरिडोर और उसमें स्थापित भगवान गणेश, हनुमानजी, भगवान सूर्य, माता भगवती, मां अन्नपूर्णा देवी, भगवान शिव के दर्शन प्राप्त के बाद परकोटा के बाहर शेषावतार मंदिर, महर्षि अगस्त्य, महर्षि बाल्मीकि, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि वशिष्ठ, शबरी, निषादराज व अहिल्या देवी के बाद अंत में कुबेर टीला पर कुबेश्वर महादेव, जटायु और अंगद टीला पर गिलहरी की प्रतिमा को देखने का अवसर प्राप्त होगा। मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने शुक्रवार को बताया कि सीमित लोगों की संख्या में सशर्त अनुमति दी गई है। लगभग तीनमहीने तक इस व्यवस्था को देखने के बाद संख्या को बढ़ाए जाने पर निर्णय लिया जाएगा।
आज गणेश मंदिर शिखर पर होगा ध्वज आरोहण
राम मंदिर के उप मंदिरों में ध्वज आरोहण के कार्यक्रम को संपन्न करने का सिलसिला जारी है। आज शनिवार को मंदिर की 800 मीटर की परिधि में परकोटा कॉरिडोर के पूर्वी और दक्षिणी छोर पर बने भगवान गणेश की मंदिर शिखर पर ध्वज आरोहण किया जाएगा। जिससे मंदिर निर्माण संस्था एलएंडटी और टाटा कांस्टेंसी से जुड़े अधिकारी व इंजीनियर करेंगे। राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा के मुताबिक शाम लगभग 4 बजे गणेश मंदिर के शिखर पर ध्वज आरोहण का कार्य संपन्न होगा।
