Kushinagar News: घर में घुसकर मां-बेटी पर फेंका तेजाब, पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में एक युवती और उसकी मां के ऊपर तेजाब फेंकने की घटना के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोरवन के टोला इमिलिया में बृहस्पतिवार की रात अज्ञात हमलावर ने घर में घुसकर, सो रही मां-बेटी पर तेजाब फेंक दिया था जिससे युवती की मौत हो गई जबकि उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गई थी।

पुलिस के अनुसार युवती के भाई अभिषेक यादव की तहरीर के आधार पर थाना रामकोला में अभियोग पंजीकृत किया गया। युवती के परिजनों के शक के आधार पर अभियुक्त छोटू कुशवाहा व अभिमन्यु को नामजद किया गया था। घटना में शामिल अभियुक्त छोटेलाल खरवार और अनुज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने शनिवार को बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों द्वारा बताया गया कि युवती एवं अभियुक्त छोटेलाल खरवार के बीच प्रेम-प्रसंग चल रहा था जिसमें उसके साथियों द्वारा मदद किया जा रहा था।

युवती द्वारा बात करने के लिए बार-बार मना किया जा रहा था कि उसकी शादी तय हो चुकी है। इसी बात से क्षुब्ध होकर अभियुक्त द्वारा अपने साथियों की मदद से खिड़की से छत पर चढ़कर सोते हुये अवस्था में युवती के ऊपर तेजाब डालकर भाग गये थे।  

संबंधित समाचार