खाना-खजाना : ठंडी मलाईदार रसमलाई

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सनाज़ स्वाद, फूड ब्लॉगर/ रसमलाई एक पारंपरिक भारतीय मिठाई है, जो अपने नरम, रस से भरे और मलाईदार स्वाद के लिए खास पहचान रखती है। खास मौकों, त्योहारों और मेहमानों के स्वागत में यह मिठाई हर किसी का दिल जीत लेती है। केसर, इलायची और मेवों से सजी ठंडी-ठंडी रसमलाई स्वाद के साथ-साथ खुशबू का भी अनोखा अनुभव देती है। 

घर पर बनी रसमलाई न केवल शुद्ध और ताजी होती है, बल्कि इसमें अपने स्वाद के अनुसार मिठास और फ्लेवर भी संतुलित किया जा सकता है। इस आसान विधि से आप बाजार जैसी मुलायम और स्वादिष्ट रसमलाई घर पर ही तैयार कर सकते हैं।

सामग्री
1 लीटर दूध (छैने के लिए)
2-3 चम्मच नींबू का रस
400 ग्राम चीनी
4 गिलास पानी

रबड़ी के लिए 
850 मिलीलीटर दूध (रबड़ी के लिए)
2 चम्मच या स्वादानुसार चीनी
आधा चम्मच इलायची पाउडर
पिस्ता कतरन , गुलाब पंखुडियां

बनाने की विधि

सबसे पहले आप दूध उबालने वाले बर्तन में थोड़ा सा पानी डालें। उसमें दूध डालकर उबालें। ऐसा करने से दूध तली में लगता नहीं है। एक बाउल में नींबू का रस और थोडा पानी मिलाएं। जब दूध उबल जाए, गैस बंद कर दें और 2 मिनट बाद नींबू वाला पानी धीरे-धीरे दूध में डालें। 2 से 4 मिनट में पूरा दूध फट जाएगा। भगोने के ऊपर सूती कपड़ा रखें और उस पर फटा हुआ दूध डालकर छान लें। फिर उसे बहते पानी से अच्छे से धो लें ताकि खट्टापन निकल जाए। हल्के हाथों से दबाकर उसका पानी निकाल दें और 2-3 घंटे के लिए लटका दें।  

रबड़ी के लिए :- एक भारी तली का बर्तन गैस पर चढ़ाएं और दूध उबालें। जब दूध में उबाल आए, तो आंच मीडियम कर दें और बीच-बीच में चलाते रहें। दूध गाढ़ा होने लगे, तो उसमें इलायची पाउडर, चीनी और मेवे कतरन डालें।  जब रबड़ी तैयार हो जाए, तो उसे 2-3 घंटे फ्रिज में रखकर ठंडा कर लें।  

रसगुल्ले बनाने के लिए :- छैने को थाली में निकालें और हाथ से खूब मसलें।  जब पनीर चिकना हो जाए, तो उससे नींबू के आकार के बॉल्स बनाएं और पेड़े का शेप दें। एक पैन में पानी और चीनी डालकर पतली चाशनी बनाएं।  
चाशनी में पेड़े डालें, ढककर तेज आंच पर 15-20 मिनट तक पकाएं। पकने के बाद पेड़े सॉफ्ट और बड़े गए जाएंगे। ठंडे होने पर, पेड़ों को चाशनी से निकालकर प्लेट में रखें। ठंडी रबड़ी में पेड़े डालें। रसमलाई तैयार है, ठंडा-ठंडा परोसें।

संबंधित समाचार