गर्मी से पहले बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटी सरकार, यूपी पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड को सख्त निर्देश

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

ट्रांसफार्मर फुंकने पर होगी कार्रवाई, राजधानी में ट्रिपिंग होने पर जीरो टॉलरेंस

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली की मांग में संभावित उछाल को देखते हुए प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उप्र. पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड में काम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि गर्मी के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

यूपीपीसीएल के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने रविवार को भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि इस बार गर्मी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रांसफार्मरों का रखरखाव पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए और खराबी की स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित हो।

डॉ. गोयल ने बताया कि ट्रांसफार्मरों के अनुरक्षण के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है। हर ट्रांसफार्मर पर फ्यूज और टेललेस यूनिट लगाना अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद यदि ट्रांसफार्मर फुंकते हैं तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में कार्य अधूरे हैं या प्रगति धीमी है, वहां संबंधित फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही अवर अभियंताओं और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों।

शिड्यूल के अनुसार मिले बिजली

यूपीपीसीएल अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गर्मी के चरम समय को देखते हुए पर्याप्त मानव संसाधन उपलब्ध हैं, इसलिए कहीं भी बिजली आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित शिड्यूल के अनुसार बिजली उपलब्ध कराई जाए और किसी भी शिकायत का तत्काल समाधान किया जाए।

राजधानी में ट्रिपिंग पर विशेष नजर

राजधानी लखनऊ में बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. गोयल ने कहा कि राजधानी में ट्रिपिंग की स्थिति किसी भी हाल में नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी जिम्मेदार अधिकारियों को सतर्क रहते हुए निरंतर निगरानी करने को कहा गया है।

दुर्घटनाओं पर जीरो टॉलरेंस

यूपीपीसीएल ने विद्युत दुर्घटनाओं को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि बिजली से जुड़ी किसी भी दुर्घटना को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस मामले में जीरो टॉलरेंस नीति लागू रहेगी। गर्मी के बढ़ते प्रभाव के बीच सरकार की यह तैयारी उपभोक्ताओं को राहत देने के साथ ही बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में अहम मानी जा रही है।

संबंधित समाचार