KGBV में बेटियों को मिल रहीं आधुनिक सुविधाएं, योगी सरकार में आधारभूत ढांचे और सुविधाओं का तेजी से विस्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

रिक्त पदों की भर्ती, डिजिटल व आवासीय सुविधाओं से मजबूत हो रही व्यवस्था

लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) व्यवस्था का तेजी से कायाकल्प हो रहा है। योगी आदित्यनाथ सरकार की सख्त निगरानी और परिणाम आधारित कार्यप्रणाली के चलते ये विद्यालय अब सिर्फ आवासीय स्कूल नहीं, बल्कि आधुनिक और सुरक्षित शैक्षिक परिसरों के रूप में विकसित हो रहे हैं।

राज्य परियोजना कार्यालय की ओर से टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की गई है, वहीं बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा खाद्यान्न, दैनिक उपयोग की सामग्री और स्टेशनरी की नियमित आपूर्ति भी सुनिश्चित की जा रही है। इससे छात्राओं को बेहतर और व्यवस्थित वातावरण मिल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में केजीबीवी के अंतर्गत एकेडमिक हॉस्टल, अतिरिक्त डॉरमेट्री, कंप्यूटर लैब और टॉयलेट ब्लॉक जैसी सुविधाओं का बड़े पैमाने पर निर्माण किया गया है। बाराबंकी में 34, हरदोई में 33 और लखीमपुर खीरी में 27 निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। बरेली, गोंडा, देवरिया और लखनऊ सहित कई जिलों में भी निर्माण कार्य पूर्ण होकर हैंडओवर की प्रक्रिया में हैं।

शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की गई है। प्रयागराज, बलिया, उन्नाव और एटा जैसे जिलों में उच्च रिक्तियों को चिन्हित कर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। वहीं श्रावस्ती, रायबरेली, आजमगढ़ और ललितपुर जैसे जिलों में रिक्त पद शून्य होना प्रभावी मॉनिटरिंग का संकेत है। विद्यालयों में छात्राओं की दैनिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रोटी मेकिंग मशीन, सोलर गीजर, जेनसेट और वाशिंग मशीन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही ओपन जिम, फोक म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट और ‘एक केजीबीवी-एक खेल’ जैसी पहलें छात्राओं के समग्र विकास को बढ़ावा दे रही हैं।

मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य भी तेज

भवनों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों में भी तेजी आई है। बलरामपुर में वर्ष 2025-26 के दौरान 80 प्रतिशत कार्य प्रगति पर है, जबकि अन्य जिलों में भी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की इस पहल से केजीबीवी अब बेटियों के लिए सुरक्षित, सुसज्जित और आधुनिक शिक्षा केंद्र बनते जा रहे हैं, जो उन्हें बेहतर अवसर और सशक्त भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।

संबंधित समाचार