गैस आपूर्ति व्यवस्था पर बाराबंकी डीएम सख्त, बैकलॉग खत्म करने के निर्देश  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला पूर्ति अधिकारी एवं ऑयल कंपनियों के विक्रय प्रबंधकों के साथ गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व के निर्णय शत-प्रतिशत होम डिलीवरी, अधिकतम चार दिन में गैस रिफिल, कंट्रोल रूम संचालन, ई-केवाईसी और पीएनजी कनेक्शन को बढ़ावा की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा में बीपीसीएल का 26,416, आईओसीएल का 38,469 और एचपीसीएल का 8,363 गैस रिफिल बैकलॉग लंबित पाया गया। 

जनपद में ओम इंडेन गैस एजेंसी, आस्था इंडेन गैस एजेंसी, बाबा प्रसाद गैस सर्विस, चन्द्रिका गैस सर्विस, नूर गैस एजेंसी और बाबा लोधेश्वर गैस एजेंसी पर सबसे ज्यादा बैकलॉग दर्ज किया गया। इसपर डीएम ने सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देश दिये कि हर हाल में चार दिन के अंदर बैकलॉग खत्म किया जाए, शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित हो और उपभोक्ताओं को फ्री-ट्रेड एलपीजी सिलेंडर आसानी से उपलब्ध कराए जाएं।

साथ ही ई-केवाईसी अभियान तेज करने, निष्क्रिय कनेक्शनों को सक्रिय करने और शहरी क्षेत्रों में पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी राकेश तिवारी ने बताया कि शिकायतों के तुरंत निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम संचालित है। डीएम ने निर्देश दिए कि रोजाना की प्रगति की समीक्षा कर रिपोर्ट दें और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करें, ताकि आमजन को समय पर गैस आपूर्ति मिल सके।

ये भी पढ़ें : 
बाराबंकी में IRGC में खराब रैंकिंग पर डीएम सख्त, डीपीआरओ का वेतन रोका

संबंधित समाचार