अगर मुख्यमंत्री स्थिति संभाल नहीं पा रहे हैं, तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए : अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को नोएडा में मजदूरों के आंदोलन के पीछे साजिश की आशंका पर सवाल उठाते हुए राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी।

योगी आदित्यनाथ ने मुजफ्फरनगर के एक समारोह में नोएडा में हुए श्रमिक आंदोलन के दृष्टिगत उनसे और उद्यमियों दोनों से संवाद बनाए रखने की अपील करते हुए कहा, "कुछ लोग औद्योगिक अशांति फैलाना चाहते हैं, उनसे सावधान रहें और उन्हें सफल न होने दें। हमारी सरकार श्रमिकों और उद्यमियों दोनों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।"

उनके इस बयान के कुछ घंटे बाद सोमवार को ही सपा प्रमुख ने ''एक्‍स'' पर पोस्ट किया,''अगर माननीय मुख्यमंत्री जी नोएडा के मजदूरों के आंदोलन को किसी की साजिश बता रहे हैं तो एक सवाल जनता आपसे पूछ रही है कि अगर यह सच है तो आपकी खुफिया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गई थी।''

यादव ने मुख्यमंत्री से पूछा कि मजदूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप यह बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गये। सपा प्रमुख ने कहा, ''आप मजदूरों के ज़ख़्मों पर मरहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं, लेकिन उन जख्मों पर नमक तो न छिड़कें।''

उन्‍होंने दावा किया,'' भाजपाई कमीशनखोरी से जन्मी महंगाई के कारण परिवार वाले वैसे ही दुखी है उसके ऊपर अवांछित दोषारोपण करने का जो पाप आप कर रहे हैं, वो घोर निंदनीय है। इससे हालात बद से बदतर हो सकते हैं।''

यादव ने मुख्यमंत्री पर प्रहार करते हुए कहा,''अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतरकर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी। भाजपाई भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं, इसलिए न इनसे देश संभल रहा है, न प्रदेश।'' यादव ने यह भी कहा कि भाजपा का डबल इंजन, जनता के लिए ट्रबल इंजन बन गया है। 

संबंधित समाचार