Bareilly: ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे देगा बरेली-पीलीभीत को रफ्तार इन गांवों की भूमि होगी अधिग्रहित

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। गंगा एक्सप्रेस वे के उपहार के बाद अब ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस वे से बरेली मंडल में विकास की नई बयार चलती नजर आएगी। शामली-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस वे जहां पश्चिमी और मध्य यूपी से पूर्वांचल की दूरियां नजदीकियों में बदल जाएंगी, वहीं बरेली-पीलीभीत के तमाम गांवों की किस्मत भी चमक जाएगी। एनएचएआई ने इस प्रोजेक्ट के लिए बरेली की नवाबगंज व बहेड़ी और पीलीभीत की बीसलपुर तहसील के 108 गांवों की भूमि अधिग्रहण के लिए थ्री-ए की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

महापरियोजना का कार्य बरेली और मुरादाबाद की एनएचएआई टीमें अलग-अलग गांवों में निर्माण की कमान संभालेंगी। नवाबगंज के 17 और बीसलपुर के 40 गांवों की जिम्मेदारी एनएचएआई बरेली को और बहेड़ी के 51 गांवों का जिम्मा एनएचएआई मुरादाबाद को सौंपा गया है। करीब सात सौ किलोमीटर लंबे ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना का निर्माण आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस और गंगा एक्सप्रेस-वे को आपस में जोड़ने के लिए किया जा रहा है। 6 लेन ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे बरेली सहित यूपी के 22 जिलों से गुजरेगा। एनएचएआई के इंजीनियर बताते हैं कि बरेली की कनेक्टिविटी को और अधिक मजबूत करने के लिए अन्य हाईवे पर भी तेजी से काम चल रहे है। गोरखपुर-शामली एक्सप्रेस-वे के बन जाने से बरेली मंडल में भी एक्सप्रेस-वे की कमी दूर हो जाएगी। एनएचएआई ने परियोजना की संवेदनशीलता को देखते हुए राजस्व विभाग को विशेष पत्र लिखा है।

बरेली और पीलीभीत के इन गांवों की भूमि अर्जन होगी
ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे में नवाबगंज तहसील के गजरौला, सतुइया खुर्द, इनायतपुर, धौनेरा, जिगिनया, नवदिया, खाता, खटुआ, बरखन, अभय राजपुर, अधकटा रब्बानी बेगम, नवादा इकरामुल्लाह, हथेली, सिठौरा, ढकिया बरकली, डंडिया सफदरअली, तिगरी, नकटी नारायनपुर, धानौर जागीर, नवदिया मोती राम, नौगवां भगतापुर, जारपा मोहनपुर, मुड़िया मलूकपुर, बहेड़ी तहसील के खमरिया, पंडरी, परेवा, कनकपुरी, मवई काजियान, सिसई, परसरामपुर आदि गांव शामिल हैं। वहीं, बीसलपुर तहसील के कटकवारा, बरखेड़ा यासीन, बिहारीपुर हीरा, अटकोना, बहादिया, विरसिंगपुर, नौगवां संतोष व जोगीठेर होकर बरेली के नवाबगंज के बाद बरेली से जुड़ेगा।

एनएचएआई परियोजना निदेशक - नवरत्न ने बताया कि गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए चयनित किसानों का भूमि अधिग्रहण कराने की प्रक्रिया शुरुआती दौर में है। एनएचएआई बरेली को बरेली और पीलीभीत जिले में 57 गांवों की जिम्मेदारी मिली है। अन्य 51 गांवों में निर्माण एनएचएआई, मुरादाबाद कराएगा।

संबंधित समाचार