बिहार में सम्राट युग शुरूः सम्राट चौधरी ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ,  जेडीयू के इन दो नेताओं को मिला डिप्टी सीएम का पद

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

पटना: बिहार की सियासी पिच पर बड़ा बदलाव आ गया है। बुधवार 15 अप्रैल 2026 को भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस तरह सम्राट चौधरी बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से दो नेताओं को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई। बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 

सम्राट चौधरी को मंगलवार को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शपथ लेने से पहले उन्होंने पटना के पंचरूप हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर लोक भवन पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार संभाला।

कार्यक्रम में भाजपा और जदयू समेत पूरे एनडीए के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने पर राजनीतिक दलों के नेताओं की ओर से बधाई का सिलसिला शुरू हो गया है।

नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने बिहार की जनता के लिए लंबे समय तक काम किया है और अब नई सरकार को पूरा सहयोग और मार्गदर्शन देंगे। बिहार विधानसभा में राजग गठबंधन के कुल 202 सदस्य हैं।

सम्राट चौधरी की इस नियुक्ति को बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है। 

संबंधित समाचार