लखनऊ में फिल्म फेस्टिवल का आयोजन: पहले दिन 10 फिल्मों की स्क्रीनिंग, आज होगा अवार्ड समारोह
लखनऊ, अमृत विचार। दो दिवसीय लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल बुधवार को सहारागंज के पीवीआर सिनेमा में शुरू हो गया। पहले दिन ज्यूरी से चयनित 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग की गई। सुबह 10 बजे स्क्रीनिंग का सिलसिला रात तक चलता रहा। पार्श्व गायिका आशा भोसले को श्रद्धांजलि भी दी गई। इसके पहले फिल्म अभिनेता और वरिष्ठ रंगकर्मी पद्मश्री डॉ. अनिल रस्तोगी और फेस्टिवल के संस्थापक फिल्म निर्माता निर्देशक अयूब खान ने फेस्टिवल का उदघाटन किया।
जसवंत सिंह झज्ज निर्मित और अमरदीप सिंह गिल निर्देशित फिल्म पानी द वॉटर, आशा सकलानी निर्मित व देबू रावत निर्देशित फिल्म निखान्या जोग, ओमकार राउत निर्मित और जतिंदर सैराज निर्देशित मिशन परफॉरमेंस, आतिश कुमार राउत निर्मित और सबिता निर्देशित फिल्म आरव और चरणपाल सिंह की लॉर्ड्स सिग्नल का प्रदर्शन किया गया।
स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म कलाकारों, निर्माता, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ ने दर्शकों के साथ सिनेमाई बारीकियों पर चर्चा की। आयोजक अयूब ने बताया कि यह फेस्टिवल विश्व सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करने का एक निरंतर प्रयास है।
उन्होंने बताया कि अब यह फेस्टिवल प्रति वर्ष आयोजित किया जायेगा। गुरुवार को शाम को 7 बजे से अवार्ड समारोह होगा। इसमें राहुल रवैल, विशाल भारद्वाज, पूनम ढिल्लों, रवि किशन, राजपाल यादव, जूही चतुर्वेदी और मनोज मुंतशिर को अवार्ड दिए जाएंगे। अटल बिहारी वाजपेयी अवार्ड पद्मश्री डॉ. विद्या बिंदु सिंह को दिया जाएगा।
