जनगणना टालने के लिए महिला आरक्षण बिल पर जल्दबाजी हो रही : अखिलेश यादव
लखनऊ, अमृत विचार : सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जनगणना टालना चाहती है, इसलिए महिला आरक्षण के नाम पर जल्दबाजी कर रही है, क्योंकि जनगणना के दौरान जातिगत जनगणना की बात उठेगी और फिर आरक्षण की भी, जो कि भाजपा वाले देना नहीं चाहते हैं।
सपा प्रमुख ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ये बिल पीडीए का हक-अधिकार मारने की एक बड़ी साजिश का हिस्सा है। दरअसल उसके पीछे भाजपाइयों की मंशा ये है कि जनगणना न करनी पड़े क्योंकि अगर जनगणना हुई तो जातिवार आंकड़े भी देने पड़ेंगे और जातिवार आरक्षण भी।
ये भाजपा का एक बहुत बड़ा षड्यंत्र है, जिसमें जनगणना आधारित परिसीमन को नकार कर पिछड़ों का अधिकार लूटा जा रहा है। आनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर इसे लागू करने की छूट पार्टियों को मिलनी चाहिए।
