Moradabad: सहालग शुरू होते ही बाजारों में लौटी रौनक, ट्रेंड में हल्के लहंगे और फ्यूजन ज्वेलरी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। खरमास समाप्त होते ही सहालग का सीजन शुरू हो गया है और शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। टाउन हॉल, चौमुखापुल, गंज, बुधबाजार, मंडी चौक और ताड़ीखाना जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। खासतौर पर दुल्हनों, युवतियों और महिलाओं के लिए नई-नई वैरायटी की डिमांड बढ़ी है। इस बार पारंपरिक के साथ फ्यूजन और हल्के वजन वाले डिजाइन ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं, जिससे बाजार में कारोबार भी तेजी पकड़ रहा है।

दुल्हनों के लिए ट्रेंड में क्या
इस बार दुल्हनों के बीच हैवी रेड लहंगों की जगह पेस्टल शेड्स जैसे पिंक, पीच, मिंट ग्रीन और लैवेंडर रंग के लहंगे ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं। इसके साथ ही हल्के वजन के एम्ब्रॉयडरी वाले लहंगे और डबल दुपट्टा स्टाइल का ट्रेंड बढ़ा है। ज्वेलरी में कुंदन, पोल्की और फ्यूजन सेट की मांग ज्यादा देखी जा रही है। मेकअप और आउटफिट में ‘मिनिमल लुक’ को प्राथमिकता दी जा रही है।

युवतियों और महिलाओं की पसंद
सहालग में शामिल होने वाली युवतियां और महिलाएं भी ट्रेडिशनल के साथ इंडो-वेस्टर्न आउटफिट्स को पसंद कर रही हैं। गाउन स्टाइल सूट, श्रग के साथ कुर्ती, और फ्लोरल प्रिंट की साड़ियां ट्रेंड में हैं। इसके अलावा रेडीमेड डिजाइनर ब्लाउज और हल्के ज्वेलरी सेट की डिमांड भी बढ़ी है, जिससे कम समय में स्टाइलिश लुक मिल सके।

बाजारों में बढ़ी रौनक
टाउन हॉल, गंज और बुधबाजार में कपड़ों की दुकानों पर खासा उत्साह नजर आ रहा है। वहीं चौमुखापुल, मंडी चौक और ताड़ीखाना में ज्वेलरी और कॉस्मेटिक्स की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी हुई है। दुकानदारों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में बिक्री में अच्छा इजाफा और सहालग के चलते आने वाले दिनों में और तेजी की उम्मीद है।

बदलता ट्रेंड बना खास आकर्षण
इस सहालग सीजन में लाइट, एलिगेंट और री-यूजेबल’ थीम सबसे ज्यादा ट्रेंड में है। दुल्हन से लेकर मेहमान तक सभी ऐसे आउटफिट और ज्वेलरी चुन रहे हैं, जो स्टाइलिश होने के साथ-साथ कंफर्टेबल भी हों। यही बदलाव इस बार के बाजार की सबसे बड़ी खासियत बनकर सामने आया है।

व्यापारियों की राय
टाउन हॉल के एक कपड़ा व्यापारी राहुल छाबड़ा ने बताया कि इस बार ग्राहक हल्के और कंफर्टेबल कपड़ों को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। “पेस्टल कलर और डिजाइनर लहंगों की डिमांड सबसे ज्यादा है, जिससे बिक्री में 20-25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वहीं गंज बाजार के एक ज्वेलरी व्यापारी सुमित अग्रवाल का कहना है कि भारी ज्वेलरी की जगह अब फ्यूजन और लाइटवेट सेट ज्यादा बिक रहे हैं। ग्राहक ऐसे डिजाइन चाहते हैं जिन्हें शादी के बाद भी आसानी से इस्तेमाल किया जा सके।

 

संबंधित समाचार