दिन दहाड़े लूट: चलती ट्रेन में गोलीबारी सात लाख रुपये लूटे, काठगोदाम-दिल्ली संपर्क क्रांति में वारदात

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बिलासपुर/रुद्रपुर। काठगोदाम-दिल्ली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में स्पेयर पार्ट्स कारोबारी के कर्मचारियों से बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दिनदहाड़े सात लाख रुपये लूट लिए। हवाई फायरिंग करते हुए बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। घटना के बाद आरपीएफ व जीआरपी यूपी-उत्तराखंड में हड़कंप मच गया। टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण कर मामले की जांच पड़ताल की।

रुद्रपुर के मोहल्ला सिंह कॉलोनी निवासी मंजीत सिंह गगनेजा की सिंह कॉलोनी में जपनीत ऑटो स्पेयर पार्ट्स की होलसेल की दुकान है। दुकान पर मोहल्ला जाफरपुर निवासी रितिक मंडल और मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी साहब सिंह कार्य करते हैं। मंजीत ने बताया कि बुधवार की सवेरे दस बजे उनके दोनों कर्मचारी करीब सात लाख रुपये लेकर काठगोदाम-संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे थे। 

पीड़ितों ने बताया कि रामपुर रेलवे स्टेशन से एक किलोमीटर पहले आनंदनगर के मझरे के पास तीन बदमाशों ने गन प्वाइंट पर दोनों कर्मचारियों से चलती ट्रेन में करीब सात लाख रुपये लूटे। स्टेशन के पास तीव्र मोड़ के चलते जैसे ही ट्रेन धीमी हुई तीनों बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

दोनों कर्मचारियों ने घटना के संबंध में व्यापारी को जानकारी देने के साथ पुलिस को भी सूचना दी। इस पर रुद्रपुर-रामपुर की आरपीएफ मौके पर पहुंची। पीड़ितों और व्यापारी से बात कर घटना की जानकारी लेने के बाद पीड़ितों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इसके बाद जंगल में कांबिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। 

बाद में पहुंचे असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद शारिक खान ने अलग-अलग टीमें बनाकर आसपास के जंगलों में घंटों कांबिंग कराई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। रुद्रपुर के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, व्यापारी नेता संजय जुनेजा भी रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने जीआरपी थाना प्रभारी से मुलाकात कर फौरन लूट का पर्दाफाश करने की मांग की।

संबंधित समाचार