UP NEWS: बिजली निजीकरण के विरोध में प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान शुरू, 36 दिन का होगा दौरा

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर गुरुवार को सहारनपुर और शामली में प्रदेशव्यापी जनजागरण अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 15 अप्रैल से 21 मई तक चलेगा, जिसके तहत केंद्रीय पदाधिकारियों की ओर 36 दिवसीय प्रांतीय दौरा भी किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण, ओबरा और अनपरा विद्युत परियोजनाओं को ज्वाइंट वेंचर के माध्यम से निजी हाथों में सौंपने, गंगा कैनाल स्थित जल विद्युत परियोजनाओं को निजी कंपनियों को लीज पर देने के साथ ट्रांसमिशन क्षेत्र में टैरिफ बेस्ड कॉम्पिटेटिव बिडिंग के जरिए निजीकरण के प्रयास उपभोक्ताओं और बिजली व्यवस्था दोनों के हित में नहीं हैं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में निजी कंपनी के कार्यों और आगरा में टोरेंट पावर की फ्रेंचाइजी के खिलाफ मिल रही शिकायतों और करार उल्लंघनों का मुद्दा भी उठाया। समिति ने इन मामलों में जवाबदेही तय करने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। संघर्ष समिति ने प्रदेश की जनता, किसानों और उपभोक्ताओं से अपील की कि यह आंदोलन केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि सस्ती, सुलभ और विश्वसनीय बिजली व्यवस्था को बचाने का संघर्ष है।

विरोध सभा को केंद्रीय पदाधिकारी जितेन्द्र सिंह गुर्जर, मोहम्मद वसीम और निखिल कुमार ने संबोधित किया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसमर्थन की आवश्यकता पर जोर दिया।

संबंधित समाचार