लखनऊ में स्मार्ट मीटर का विरोध : बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन, गुस्साए लोगों ने की ये डिमांड 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ, अमृत विचार: शहर में स्मार्ट मीटर से परेशान उपभोक्ताओं का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। अधिक बिल से परेशान उपभोक्ताओं की उपकेंद्रों पर भीड़ लग रही है, लेकिन सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। ऐसी ही समस्या से परेशान इंदिरानगर इलाके के उपभोक्ताओं ने गुरुवार दोपहर सेक्टर-14 स्थित पावर हाउस का घेराव कर हंगामा कर दिया। लोगों को गुस्सा भांप एसडीओ टीम लेकर एक किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंचे और मीटर की जांच कर सुधार का आश्वासन दिया, लेकिन उपभोक्ताओं का कहना था कि पहले स्मार्ट मीटर बदलो, उसके ही प्रदर्शन बंद करेंगे। 

प्रदर्शन में शामिल पंडित पुरवा सेक्टर-11 के निवासी रिंकू ने बताया कि एक महीने के भीतर तीन बार बिजली बिल जमा करना पड़ा। इस बीच कई बार बिजली भी काटी गई। इंदिरारनगर निवासी क्षमा ने कहा कि खपत से अधिक बिल वाला मीटर नहीं चाहिए, इसे बदला जाए। एसडीओ ने कहा कि क्षेत्र में अधिकतम बिजली बिल करीब 2000 रुपये तक ही आ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग जांच कर रहा है, जहां भी समस्या होगी उसका समाधान किया जाएगा।

राजाबाजार इलाके के पार्षद का कार्यालय भी घेरा

राजाबाजार इलाके के लोगों ने पार्षद राहुल मिश्रा के कार्यालय का घेराव कर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। पार्षद ने लोगों से उनकी समस्याएं जानी फिर बिजली विभाग के अधिकारी से फोन पर समस्या के संबंध में बात की। पार्षद ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारी उपभोक्ताओं की समस्या को सुनना और समझना नहीं चाहते हैं। वह केवल जांच की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। 

पार्षद का कहना था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से वाकई समस्या बढ़ गई है। अब मीटर की रीडिंग अधिक आने के साथ रिचार्ज कराने के बाद भी पावर को कट किया जा रहा है। स्मार्ट मीटर हटाया जाना चाहिए। वहीं वर्टिकल व्यवस्था के कारण सभी शिकायतों का निस्तारण 1912 से हो रहा है। उपकेंद्र स्तर पर तैनात अधिकारियों के पास अधिकार ही नहीं है। ऐसे में समस्या का समाधान होने के बजाए लोग अधिकारियों और उपकेंद्र के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।

ये भी पढ़ें : 
हॉकी के धुरंधरों का जलवा: 16वीं सब जूनियर चैंपियनशिप में यूपी ने जीता गोल्ड, लखनऊ में खिलाड़ियों का भव्य सम्मान

संबंधित समाचार