Moradabaad : छापेमारी में बिना पंजीकरण मिली पैथोलॉजी लैब सील

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

लैब संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा कराने की धाराओं में मुकदमा

मुरादाबाद, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने गांधी नगर क्षेत्र स्थित डा. हेल्थ एक्सपर्ट साइंटिफिक लैब पर औचक छापा मारकर उसे सील कर दिया था। निरीक्षण में लैब बिना पंजीकरण संचालित पाई गई थी। स्वास्थ्य विभाग की तहरीर पर आरोपी लैब संचालक के खिलाफ गलशहीद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

टीम को मौके पर बीएमएलटी के छात्र सहित अन्य कर्मचारी कार्य करते मिले थे। पंजीकरण संबंधी दस्तावेज मांगने पर एक नवंबर 2025 का आवेदन दिखाया गया, जिसे अभिलेखों के अभाव में पूर्व में ही निरस्त किया जा चुका था। इसके बावजूद अलतमश अहमद द्वारा कूटरचना कर डॉ. जिया उर रहमान खान पुत्र डीआर सलीम का नाम बिना उनकी अनुमति के अंकित कर आम जनमानस के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा था। इतना ही नहीं अलतमश द्वारा अनाधिकृत रूप से बिना पंजीकरण के पैथोलजी का संचालन किया जा रहा था। जांच के दौरान लैब में इम्यूनोलॉजी व बायोकेमिस्ट्री मशीन, कंप्यूटर सिस्टम, माइक्रोस्कोप, सेंट्रीफ्यूज, इलेक्ट्रोलाइट एनालाइजर समेत कई उपकरण मिले, जिन्हें सील कर दिया गया।

रिपोर्टों पर अंकित चिकित्सकों के नाम को लेकर भी स्थिति संदिग्ध मिली। कुछ चिकित्सकों ने हस्ताक्षर स्वीकार किए, जबकि अन्य ने लैब से किसी भी प्रकार का संबंध होने से साफ इंकार कर दिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि लैब संचालक द्वारा बिना अनुमति चिकित्सक का नाम उपयोग किया जा रहा था और बिना पंजीकरण पैथोलॉजी संचालित की जा रही थी। स्वास्थ्य विभाग ने लैब संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी व कूटरचना समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की संस्तुति कर गलशहीद पुलिस को लैब संचालक के खिलाफ तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार