Rampur: रानीखेत एक्सप्रेस से टकराया किसान, मौत के बाद परिवार में कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बिलासपुर, अमृत विचार। गांव पिपलिया महतो में 52 वर्षीय किसान की एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान फौजा सिंह पुत्र टहल सिंह के रूप में हुई है।
 
यह घटना शनिवार सुबह गांव के अंडरपास के ऊपर रेल पटरियों पर हुई, जब वह रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गए। बताया जाता है कि फौजा सिंह अपने खेत पर जा रहे थे। पटरियां पार करते समय वे वहां से गुजर रही रानीखेत एक्सप्रेस ट्रेन से टकरा गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। रेल पटरियों पर शव पड़ा देखकर वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। 

सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।रेलवे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिपलिया महतो गांव के प्रधान पति और ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष हरजीत सिंह ने बताया कि फौजा सिंह सुबह 5-6 बजे घर से निकले थे और संभवतः अपने खेत पर जा रहे थे। 

उनके पास करीब एक एकड़ जमीन थी। उनके एक पुत्र और दो विवाहित पुत्रियां हैं। प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह ने बताया कि मृतक फौजा सिंह नशे के आदी थे और अक्सर गांव में घूमते रहते थे। ट्रेन के गार्ड ने पुलिस को बताया कि हॉर्न बजने के बावजूद फौजा सिंह पटरियों से नहीं हटे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार