विश्व स्तरीय योग-वेलनेस सेंटर की रफ्तार तेज: स्टेकहोल्डर मीटिंग में निवेशकों ने दिए अहम सुझाव, 150 एकड़ में बनेगा मेगा प्रोजेक्ट

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. के बागपत में प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय योग एवं वेलनेस सेंटर को धरातल पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को लखनऊ स्थित पर्यटन भवन में आयोजित ‘स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन’ में सरकार, निवेशकों और विशेषज्ञों ने इस मेगा प्रोजेक्ट के विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया।

बैठक में ईशा फाउंडेशन सहित देश के प्रमुख योग, नेचुरोपैथी और वेलनेस संस्थानों के 20 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अपने सुझाव साझा किए। सरकार ने स्पष्ट किया कि यह प्रोजेक्ट ‘जनता का और जनता के लिए’ समर्पित होगा।

इस दौरान निवेशकों और विशेषज्ञों ने राज्य सरकार की पर्यटन नीति, रियायतों और जमीन अधिग्रहण जैसे मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रश्नों का जवाब देते हुए निवेशकों को नीतिगत प्रावधानों और सुविधाओं की जानकारी दी।

योग, आयुर्वेद और आधुनिक सुविधाओं का होगा संगम

बागपत के हरिया खेड़ा गांव में 150 एकड़ से अधिक क्षेत्र में बनने वाला यह वेलनेस सेंटर आधुनिक और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का संगम होगा। परियोजना में 2,000-3,000 क्षमता का योग हॉल, ओपन योग एरीना, ध्यान केंद्र, 200 बेड का अस्पताल और 1,500 बेड की डॉर्मिटरी विकसित की जाएगी।

इसके अलावा कैंपस में कॉटेज, भोजनालय, रेस्टोरेंट, कैफे, एम्फीथिएटर, ध्यान उद्यान और वॉकिंग ट्रैक जैसी सुविधाएं भी होंगी। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सोलर ऊर्जा और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाए जाएंगे।

संबंधित समाचार